फतेहाबाद। शहर में होने वाली हलकी बारिश से ही तालाब बनने वाले मार्केट कमेटी कार्यालय परिसर में अब जलभराव नहीं होगा। मार्केट कमेटी कार्यालय ने अब कार्यालय के अंदर से जलनिकासी के लिए पाइप लाइन बिछाकर इसे मेनहोल से जुड़वा दिया है, जिससे अब कार्यालय में आने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को जलभराव से परेशानी नहीं होगी।
फतेहाबाद के भट्टू रोड पर स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय व यहीं पर ऊपरी मंजिल पर मार्केटिंग बोर्ड का कार्यालय है, जिसमें अनेक कर्मचारी काम करते हैं। हर बार बरसात के मौसम में जब बारिश होती है, तो कार्यालय का परिसर पानी से लबालब हो जाता है। मार्केट कमेटी कार्यालय के नीचे होने व इसमें आगमन के लिए बना रैंप ऊंचा होने के कारण पानी नहीं निकल पाता था और अधिकारियों व कर्मचारियों को जलभराव के बीच से गुजरकर ही अपने कार्यालयों में जाना पड़ता था। अब मार्केट कमेटी प्रशासन ने कार्यालय परिसर से जलनिकासी के लिए पाइप लाइन बिछवाकर इसे अनाजमंडी के गेट नंबर एक के पास स्थित मेनहोल से जोड़ दिया है। मार्केट कमेटी सचिव विकास सेतिया ने बताया कि इससे अब कार्यालय परिसर में जलभराव की स्थिति नहीं रहेगी।