फतेहाबाद में मंत्री के सामने बोलीं डीसी: हम तय करेंगे कौन सी शिकायत पर होगी सुनवाई, देखते रह गए समिति सदस्य
मंत्री श्रुति चौधरी के लोकसंपर्क एवं जनपरिवाद समिति की बैठक में आने से पहले एसडीएम जयवीर यादव ने पांच साल पहले स्कॉर्पियो गाड़ी की फर्जी एनओसी जारी करने के मामले में पूर्व क्लर्क के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
विस्तार
फतेहाबाद। महिला एवं बाल विकास और सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी पहली बार जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक लेने सोमवार को डीपीआरसी हॉल में पहुंची। बैठक के दौरान तीन पुरानी और 14 नई सहित 17 शिकायतों की सुनवाई की गई। पूरी बैठक के दौरान मंत्री से ज्यादा डीसी मनदीप कौर ही सवाल-जवाब करती रहीं।
मंत्री श्रुति के सामने ही डीसी ने समिति सदस्यों से लेकर हरकोफेड के चेयरमैन वेद फुलां तक से उलझ गई। समिति सदस्य रमेश मेहता ने कहा कि वे दस साल से समिति के सदस्य हैं, लेकिन उन्हें यह तक पता नहीं होता है कि कौन सी शिकायत बैठक में रखी जाएगी। इस पर डीसी ने कहा कि कौन सी शिकायत पर सुनवाई होगी, ये हम तय करेंगे। आप सिर्फ अपने सुझाव दे सकते हैं।
इसी तरह रतिया क्षेत्र के गांव भरपूर में निशानदेही के मामले में जब हरकोफेड के चेयरमैन वेद फुलां ने रात को निशानदेही करने के आरोप लगाए तो तैश में आकर डीसी ने कहा कि आप रात में निशानदेही होने के सुबूत दीजिए। इससे पहले वेद फुलां ने कहा कि अफसरों को बचाने की कोशिश हो रही है। फिर समिति सदस्यों का क्या काम है। अफसर ही तय कर लेंगे क्या सही और क्या गलत।
करीब पांच महीने बाद हुई समिति की बैठक में पहला मामला गांव भरपूर में दिव्यांगता पेंशन के फर्जीवाड़े को लेकर रखा गया। शिकायतकर्ता द्वारा बात रखे जाने के बाद चेयरमैन वेद फुलां बोले कि गिरोह बना हुआ है। जिनके बेटी नहीं है, उनको भी कन्यादान की राशि दिलवा दी जाती है। मामले में डीसी ने दस दिन में एटीआर देने के निर्देश दिए। दूसरा मामला मातुराम कॉलोनी में पोल शिफ्ट करने का रहा, जिसमें शिकायतकर्ता ने संतुष्टि जाहिर कर दी। तीसरे मामले में गांव चिंदड़ निवासी महिला ने पति के साथ विवाद का मामला बताया। इस पर मंत्री श्रुति चौधरी ने महिला को बाद में डीसी व एसपी से मिलने के निर्देश दिए।
इन मामलों में मंत्री और डीसी का रहा ये रुख
- शिकायत 1. ग्रीन कॉलोनी के लोगों द्वारा रखी गई शिकायत पर समिति सदस्य रामराज मेहता ने कहा कि शिकायत फाइल कर दी जाए क्योंकि जिस कम्युनिटी सेंटर की जमीन किसी एक व्यक्ति के नाम होने की शिकायत थी, वह खत्म हो गई है। इस पर डीसी मनदीप कौर ने कहा कि आपके कहने से शिकायत फाइल नहीं होगी। बाद में हम मूल्यांकन करेंगे। खुद गुमराह करते हो, फिर ऑफिसर्स पर आरोप लगाते हो।
- शिकायत 2. जाखल के वार्ड 8 निवासी विक्रमजीत ने शिकायत रखी कि मेन रोड पर उनके पड़ोसियों ने अवैध रूप से कब्जा किया हुआ है। लोक निर्माण विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। इस पर एक्सईएन केके कंबोज ने बताया कि 62 व्यक्तियों को नोटिस जारी कर कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन निशानदेही पुरानी होने के कारण वास्तविक स्थिति पता नहीं चल पा रही है। इसलिए पहले नई निशानदेही करवाई जानी है। डीसी ने ढाई महीने में निशानदेही करवा कर आगामी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
- शिकायत 3. वहीं, टिब्बा कॉलोनी निवासी सुरेंद्र उर्फ सलीम ने शिकायत रखी कि नगर परिषद टोहाना की एमबी 108 नंबर उपलब्ध नहीं है। इस पर नगर परिषद के ईओ ने बताया कि एमबी की गुमशुदगी के बारे में एफआईआर करवाने के लिए लिखा गया है। तत्कालीन जेई, एक्सईएन व एमई से जवाब तलब किया गया है। इस पर मंत्री श्रुति चौधरी ने डीएमसी और कष्ट निवारण समिति सदस्य रविंद्र मेहता की कमेटी बनाकर एमबी गायब करने में किन-किन अधिकारियों व कर्मचारियों का हाथ है, इसका पता लगाने के लिए कहा।
रतिया के मॉडल टाउन की समस्या पर हुई सबसे अधिक बहस
बैठक में रतिया की मॉडल टाउन रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सतपाल मंगला व अन्य द्वारा रखी गई शिकायत पर सबसे अधिक बहस हुई। इस मामले में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नगरपालिका रतिया व जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से सवाल-जवाब किए गए। प्राधिकरण के एक्सईएन पवन वर्मा ने कहा कि मॉडल टाउन में सीवर का कार्य एचएसवीपी के अधीन नहीं आता है।
वहीं, डीएमसी संजय बिश्नोई ने कहा कि नगरपालिका के पास सीवरमैन ही नहीं है। यह कार्य या तो जनस्वास्थ्य करेगा या एचएसवीपी। इस पर जनस्वास्थ्य विभाग के एसई जसवंत सिंह ने कहा कि यह एचएसवीपी का कार्य है। इससे नाराज हुई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि अधिकारियों ने मेरा नहीं-मेरा नहीं कहकर इस मामले में कुछ किया ही नहीं है। अधिकारियों को केस को ऊपर भेजना चाहिए था। अधिकारियों में ही कन्फ्यूजन बना हुआ है। कोई काम हुआ ही नहीं सारे अधिकारी आराम से बैठे हैं। मंत्री ने डीसी मनदीप कौर से कहा कि इस मामले की आप जांच करके इस केस को प्रदेश सरकार तक पहुंचाएं।
विधायक बैठक में तो आए, लेकिन किसी मुद्दे पर बोले नहीं
जिले के तीनों कांग्रेस विधायक में से समिति की बैठक में सिर्फ फतेहाबाद से विधायक बलवान सिंह ही पहुंचे। मगर वह भी किसी मुद्दे पर मुखर होकर मंत्री के सामने नहीं बोले। पूरी कार्रवाई के दौरान वह सिर्फ चुपचाप बैठकर शिकायतकर्ताओं व अधिकारियों की बातों को ही सुनते नजर आए। विधायक से ज्यादा तो चेयरमैन वेद फुलां, चेयरमैन भारतभूषण मिड्ढा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय गोयल ने मंच से मुखर होकर अपनी बातें रखीं। इस मौके पर जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खिचड़, भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, जगदीश राय शर्मा, बार एसोसिएशन प्रधान प्रदीप बैनीवाल सहित समिति के कई सदस्य, अधिकारी व अन्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक से पहले डीसी की कोठी पर गई मंत्री
मंत्री श्रुति चौधरी समिति की बैठक लेने के लिए करीब एक घंटे की देरी से पहुंची। बैठक का समय सुबह 11.30 बजे तय किया गया था, लेकिन वह दोपहर 12.30 बजे के बाद आई। बैठक से पहले मंत्री डीसी मनदीप कौर की कोठी पर गई। वहां कुछ समय बिताने के बाद बैठक में शामिल होने आईं।
विधायक का हाथ हटाते हुए का वीडियो हुआ वायरल
मंत्री के आने से पहले स्कॉर्पियो की फर्जी एनओसी जारी करने वाले पूर्व क्लर्क पर करवाई एफआईआर
मंत्री श्रुति चौधरी के लोकसंपर्क एवं जनपरिवाद समिति की बैठक में आने से पहले एसडीएम जयवीर यादव ने पांच साल पहले स्कॉर्पियो गाड़ी की फर्जी एनओसी जारी करने के मामले में पूर्व क्लर्क के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। किरढ़ान निवासी देवेंद्र कुमार की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। उसने एक स्कॉर्पियो गाड़ी का रजिस्ट्रेशन फतेहाबाद में करवाया हुआ है। एसडीएम कार्यालय फतेहाबाद के कर्मचारियों ने मिलीभगत करके गाड़ी को किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज कर दिया। एसडीएम ने बताया कि संबंधित कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी गई है और बहादुरगढ़ रजिस्ट्रेशन ऑथोरिटी से एनओसी के लिए लिखा गया है। मंत्री श्रुति चौधरी ने निर्देश दिए कि प्रार्थी को बहादुरगढ़ रजिस्ट्रेशन ऑथोरिटी से एनओसी लेकर इस समस्या का समाधान तुरंत करवाया जाए।