हरियाणा बोर्ड परीक्षा: क्लिपबोर्ड के अंदर मोबाइल फोन फिट करके लाया छात्र, नकल का हाईटेक तरीका उड़नदस्ते के सामने फेल
हरियाणा के फतेहाबाद में एक छात्र पेपर क्लिपबोर्ड के अंदर मोबाइल फोन फिट करके लाया था। फोन की गैलरी में सिलेबस डाल रखा था। जिले में दसवीं के अंग्रेजी पेपर में नकल के 6 केस सामने आए। दो छात्रों के पास मोबाइल और चार के पास पर्चियां मिलीं।
विस्तार
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सोमवार को दसवीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। परीक्षा में नकल के 6 केस पकड़े गए हैं। दो छात्रों के पास मोबाइल और चार के पास पर्चियां मिली हैं। नकल पर्ची के साथ छात्राएं भी पकड़ी गईं हैं। नकल का सोमवार को एक अनोखा मामला भी सामने आया है। नकल के लिए एक छात्र ने हाईटेक तरीके का इस्तेमाल कर रखा था लेकिन उड़नदस्ते के सामने फेल हो गया।
बता दें कि दसवीं के अंग्रेजी पेपर में एक छात्र ने पेपर क्लिपबोर्ड के अंदर ही मोबाइल फिट कर रखा था और उसके ऊपर शीशा लगा हुआ था। मोबाइल की गैलरी में अंग्रेजी का सिलेबस डाल रखा था और वहां से नकल कर रहा था। यहां तक कि मोबाइल में व्हाट्सएप समेत कई एप भी चल रहे थे। बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल फ्लाइंग ने गांव भूथन में बनाए गए परीक्षा केंद्र में छात्र को पेपर बोर्ड में फिट मोबाइल के साथ पकड़ा है।
शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल फ्लाइंग ने गांव भिरड़ाना के राजकीय स्कूल में छात्र व छात्रों को नकल पर्ची के साथ पकड़ा। छात्र ने पेंट और छात्रा शर्ट में पर्ची छिपा रखी थी। भूथन के परीक्षा केंद्र में टीम ने एक छात्र को मोबाइल और छात्रा को पर्ची के साथ पकड़ा।
छात्रा ने शर्ट में पर्ची छिपा रखी थी। वहीं भूना में एक निजी स्कूल के परीक्षा केंद्र में टीम ने छात्र को पर्ची के साथ पकड़ा। इसके अलावा वाइस चेयरमैन की स्पेशल फ्लाइंग ने राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक छात्र को मोबाइल के साथ पकड़ा है। छात्र ने मेट के नीचे मोबाइल छिपा रखा था। टीम ने मौके से पकड़ लिया। टीम के मुताबिक मोबाइल मौके पर चल रहा था।
जिले के 69 केंद्रों पर हुई परीक्षा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा को लेकर जिले में 69 केंद्र बना रखे हैं। विभाग के अनुसार जिले में करीब 13 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। इसमें रेगुलर और ओपन के विद्यार्थी है।
इन उड़नदस्तों ने इन केंद्रों पर की चेकिंग
उड़नदस्ता परीक्षा केंद्र नकल पकड़े
- डीसी 4 0
- एसडीएम फतेहाबाद 4 0
- एसडीएम रतिया 3 0
- एसडीएम टोहाना 5 0
- डीइओ फतेहाबाद 6 0
- चेयरमैन स्पेशल रतिया 5 0
- चेयरमैन स्पेशल टोहाना 6 0
- बोर्ड चेयरमैन स्पेशल 4 5
- प्रश्र पत्र 4 0
- वाइस चेयरमैन 5 1
- रतिया प्रश्र पत्र 5 0
- टोहाना प्रश्र पत्र 3 0
गांव भूथन के परीक्षा केंद्र पर जब टीम चेकिंग के लिए पहुंची तो एक छात्र के पास मोबाइल मिला। छात्र ने पेपर बोर्ड के अंदर ही मोबाइल फिट कर रखा था। स्पेशल पेपर बोर्ड तैयार कर रखा था। इसके अलावा टीम ने नकल के चार अन्य केस पकड़े है। - सरोज रानी, सदस्य, बोर्ड चेयरमैन स्पेशल फ्लाइंग
जिले में परीक्षा के दौरान नकल के 6 केस पकड़े हैं। यूएमसी बनाकर बोर्ड को रिपोर्ट भेज दी गई है। इसके अलावा जिले में परीक्षा शांतिपूर्वक हुई है। - दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी