फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Fatehabad News ›   CET: 22664 candidates took the exam in two shifts

सीईटी : दो शिफ्ट में 22664 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sat, 05 Nov 2022 10:48 PM IST
विज्ञापन
CET: 22664 candidates took the exam in two shifts
फतेहाबाद में परीक्षा केंद्र में एडमिट कार्ड दिखाकर प्रवेश पाते परीक्षार्थी। - फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। जिले में बनाए गए 39 परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को दोनों शिफ्टों में सीईटी परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। जिले में दोनों शिफ्टों में 22664 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। रतिया में परीक्षार्थियों के अधिक वाहन आने के कारण जाम की स्थिति पैदा हो गई, वहीं यहां यात्रियों को भी बसें न मिलने से उनको परेशानियां उठानी पड़ी। हालांकि, फतेहाबाद शहर में परीक्षा केंद्रों तक परीक्षार्थियों को पहुंचाने के लिए प्रशासन ने निजी स्कूलों की 250 से अधिक बसों को बस स्टैंड पर लगाए रखा।
विज्ञापन

दरअसल, शनिवार को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए जिले में 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सुबह आठ बजे से ही परीक्षार्थी शहर में पहुंचने लगे। फतेहाबाद के नए बस स्टैंड पर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटियां लगी हुई थी और रेडक्रॉस ने हेल्प डेस्क लगाया हुआ था। यहां से परीक्षार्थियों को उनके केंद्रों तक निजी स्कूलों की बसों में भेजा गया। प्रशासनिक व्यवस्था के चलते परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं आई और न ही शहर में जाम लगा।
विज्ञापन

शनिवार को आयोजित हुई सीईटी को लेकर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुलभूषण बंसल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था के लिए हर परीक्षा केंद्र पर उचित संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। जिला में बनाए गए सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षा को नकल रहित बनाने के लिए जैमर व कैमरे लगाए गए थे, ताकि किसी प्रकार की इलेक्ट्रोनिक्स डिवाइस का प्रयोग न हो सके। परीक्षार्थियों के केंद्र में प्रवेश से पहले उनकी मैटल डिटेक्टर से तलाशी ली गई है। इसके उपरांत आंखों की स्कैनिंग के उपरांत अन्य औपचारिकताएं पूर्ण की गई। परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों की वीडियोग्राफी व आधार-आधारित बायोमेट्रिक प्रणाली, दस्तावेजों की जांच उपरांत उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति प्रदान की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

सुबह के सत्र में 11261 व सांय कालीन सत्र में 11403 ने दी परीक्षा
जिले में सुबह कालीन सत्र में 10 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित करवाई गई परीक्षा में 15374 परीक्षार्थियों में से 11261 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 4113 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार से सायंकालीन सत्र में 3 बजे से 4:45 बजे तक आयोजित करवाई गई परीक्षा में 15368 परीक्षार्थियों में से 11403 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 3965 अनुपस्थित रहे।
रतिया में लगा जाम, ट्रैफिक पुलिस ने खुलवाया
सीईटी परीक्षा को लेकर रतिया शहर में जाम की स्थिति रही। जिससे संजय गांधी चौक, भगत सिंह चौक, टोहाना रोड, बुढ़लाडा रोड व फतेहाबाद रोड पर वाहनों की कतारे लग गई। जाम के चलने रोड पर कई कई किलोमीटर तक वाहनों की लाइनें लग गई। जाम में परीक्षार्थियों के वाहन भी फंस गए। जाम की सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र, यातायात प्रभारी भीम सिंह, हवलदार यशविंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और जाम में फंसे वाहनों को निकाला गया। बड़े वाहनों को वाया टोहाना व पटियाला, जाखल जाने वाले निजी वाहनों को बाईपास से निकाला गया।
सीईटी परीक्षा के चलते आम यात्री हुए परेशान
रतिया। हरियाणा राज्य परिवहन द्वारा रोडवेज व निजी बसों को सीईटी परीक्षा में परीक्षार्थियों को लाने व ले जाने में लगाने के कारण रतिया से विभिन्न रुटों पर बसें बंद रही। जिससे यात्रियों को परेशानियों का भी सामना करना
पड़ा। ग्रामीण रूटों पर चलने वाली बसों को रोडवेज ने परीक्षार्थियों के लिए सिरसा, कैथल, यमुनानगर, भिवानी व हिसार भेजा हुआ था। चंडीगढ़ जाने वाली बसें भी रूटों पर नही गई जिससे लोग परेशान दिखे। बस स्टैंड पर दिनभर यात्रियों का तांता लगा रहा।
बातचीत
मेरा फतेहाबाद के एमएम कॉलेज में सेंटर आया था। सुबह की शिफ्ट में होने वालेे पेेपर के लिए सुबह मैं भिवानी से ट्रेन में भट्टूकलां पहुंचा और यहां से बस के माध्यम से फतेहाबाद अपने सेंटर पर पहुंचा। फतेहाबाद पहुंचने पर सेंटर जाने तक कोई परेेशानी नहीं आई।
-अमित परीक्षार्थी, निवासी भिवानी
मैं कैथल से बस में बैठकर फतेहाबाद पहुंचा। बस में पहले से अधिक भीड़ थी, जिस कारण खड़ा होकर आना पड़ा। फतेहाबाद में निजी स्कूल की बस सेे मुझे महाराजा अग्रसेन स्कूल में प्रशासनिक अधिकारियों ने भिजवाया।
-मोहित, परीक्षार्थी, निवासी कैथल
मेरा फतेहाबाद में सुबह की शिफ्ट में पेपर था। हालांकि सेंटर जिले से दूर दिया गया औैर मुझे ट्रेन में भट्टूकलां तक आना पड़ा और इसके बाद भट्टूकलां से मुझे बस से फतेहाबाद आना पड़ा। मेरा पेेपर क्रेेसंट पब्लिक स्कूल में था और मुझे ऑटो लेकर सेंटर तक जाना पड़ा।
-नवीन, परीक्षार्थी, निवासी भिवानी
मेरा पेपर रतिया में होना था। मैं पहले कैथल से बस के माध्यम सेे फतेहाबाद आया तो पता चला कि रतिया यहां से 24 किलोमीटर दूर है। बस स्टैंड पर बसें भी कम थी, इसलिए मुझे लटककर रतिया तक जाना पड़ा और वापस आने के लिए काफी समय तक बस का इंतजार करना पड़ा।

-सचिन, परीक्षार्थी, निवासी कैथल
कोट
जिले में सीईटी की परीक्षा के लिए 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए बस स्टैंड पर निजी स्कूलों की बसों को लगाया गया था, जो परीक्षार्थियों को उनके सेंटरों पर छोड़कर आ रही थी। जिले में पेपर शांतिपूर्वक तरीके से हुआ है।
- दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी

रतिया में परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों की जांच करतीं महिला पुलिसकर्मी।

रतिया में परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों की जांच करतीं महिला पुलिसकर्मी।- फोटो : Fatehabad

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed