झोझूकलां। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से झोझूकलां-बीजना रोड पर खेतों में पानी भर गया है। इसके कारण किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि कपास और बाजरा की फसल सबसे अधिक प्रभावित है। उन्होंने जिला प्रशासन से खेतों से पानी निकासी कराने और खराब फसलों का उचित मुआवजा देने की मांग की है।
किसान बिल्लू सांगवान, वेदप्रकाश यादव, रणबीर व रामसिंह आदि ने बताया कि पिछले 10 दिन से क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण खेतों में पानी भरा हुआ है और इसके कारण कई एकड़ में बाजरा व कपास की फसल खराब हो गई। किसानों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जल्द खराब फसलों की स्पेशल गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा दिया जाए ताकि नुकसान की भरपाई हो सके। वहीं, किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द खराब फसलों का मुआवजा नहीं दिया गया तो क्षेत्र के किसान धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।