WFI Dispute: महाबीर फोगाट को कमेटी से निष्पक्ष जांच की उम्मीद, बजरंग व विनेश ने ट्वीट कर रखी अपनी राय
जंतर-मंतर से लौटने के बाद द्रोणाचार्य अवार्डी एवं विनेश के ताऊ और बजरंग पूनिया के ससुर महाबीर फोगाट बोले कि कमेटी में शामिल खिलाड़ियों से हमें निष्पक्ष जांच की पूरी उम्मीद है।
विस्तार
भारतीय कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर लगे आरोपों की जांच के लिए गठित कमेटी से फोगाट परिवार को निष्पक्ष जांच की उम्मीद है। द्रोणाचार्य अवॉर्डी और विनेश फोगाट के ताऊ एवं बजरंग पूनिया के ससुर पहलवान महाबीर फोगाट ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि मेरी कॉम की अध्यक्षता में गठित कमेटी को अपना काम ईमानदारी से करना चाहिए। उन्होंने बताया कि योगेश्वर दत्त जैसा नामी पहलवान इस कमेटी का हिस्सा है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि यह कमेटी अपना काम निष्पक्षता से कर सरकार को मामले की सच्चाई से अवगत करवाएगी।
उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी ही दूसरे खिलाड़ी का शोषण जैसी पीड़ा को समझ सकता है और इस कमेटी में कई खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कमेटी के पास जांच के लिए एक माह का समय है और इस समय अवधि के बाद ही अगले कदम को लेकर कोई फैसला लिया जाएगा।
बजरंग-विनेश पर एफआईआर दर्ज करने की याचिका पर दी प्रतिक्रिया
बृजभूषण के कुक की ओर से हाईकोर्ट में याचिका दायर कर बजरंग और विनेश पर मामला दर्ज करने की मांग की गई है। इस कदम पर महाबीर फोगाट ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर व्यक्ति अपने बचाव का प्रयास करता है और यह भी इसका ही प्रमाण है।
बजरंग पूनिया ने किया ये ट्वीट
कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष बृजभूषण के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले बजरंग पूनिया ने मंगलवार को एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा कि हमें आश्वासन दिया गया था कि ओवरसाइट कमेटी के गठन से पहले हमसे परामर्श किया जाएगा। बड़े दुख की बात है कि इस कमेटी के गठन से पहले हमारी राय नहीं ली गई।
विनेश ने किए दो ट्वीट
इस मामले को अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने मंगलवार को दो ट्वीट किए। सुबह 10:27 पर किए गए ट्वीट में विनेश ने लिखा कि सत्य को परेशान किया जा सकता है लेकिन पराजित नहीं। इसके बाद एक ट्वीट उन्होंने दोपहर 12:06 पर किया और इसमें उन्होंने लिखा कि मुकाम बड़ा हो तो हौसलों में बुलंदी रखना।