चरखी दादरी। जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में हुए गबन मामले में अब तक कार्रवाई न होने से क्षुब्ध कर्मचारी संगठन ने मंगलवार को शहर में प्रदर्शन किया। लघु सचिवालय पहुंचकर उन्होंने उपायुक्त के नाम डीडीपीओ को ज्ञापन सौंपा। इसमें गबन मामले में कार्रवाई के साथ कच्चे और पक्के कर्मचारियों का भुुगतान करवाने की मांग की गई।
एक्सईएन कार्यालय के समक्ष हरियाणा गर्व पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्करज यूनियन का धरना 14वें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता सुरेंद्र सिंह व सत्यवीर सिंह ने संयुक्त रूप से की जबकि संचालन सत्यवीर सरोहा ने किया। राज्य महासचिव कंवरलाल यादव ने दादरी प्रशासन व सरकार की कार्यप्रणाली की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को अधिकारियों की हाजरी सुनिश्चित करवाने व पक्के कर्मियों का पिछले माह का और कच्चे कर्मचारियों का 8 माह का वेतन का भुगतान करवाना चाहिए। बैठक के बाद कर्मचारियों ने शहर में रोष प्रदर्शन किया। ज्ञापन के जरिये गबन मामले में जल्द ठोस कार्रवाई न होने पर कड़ा कदम उठाने की चेतावनी दी गई है। प्रदर्शन में केंद्रीय कमेटी नेता जयपाल, अफलातून जाखड़, राजेश धनखड़, विक्रम साहू, जयभगवान जांगड़ा, जयप्रकाश, विजयपाल, राजेंद्र सिंह, एसकेएस जिला प्रधान राजकुमार घिकाड़ा, हेमसा जिला प्रधान विजय लांबा, रोडवेज डिपो प्रधान कृष्ण उण, ओमवीर कालेहर, जिला सचिव सुरेश शर्मा, सिंचाई विभाग से बलराज पहलवान, रमेश शर्मा, जितेंद्र दगडौली, संजय, कश्मीर सिंह, मांगेराम आदि ने भाग लिया।