लघु सचिवालय परिसर में विधानसभा चुनाव के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यहां उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मवीर सिंह चुनाव की मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखेंगे। दादरी और बाढड़ा विधासभा क्षेत्र के लिए जनता कालेज व जेडीकेडीईएस स्कूल परिसर में अलग से कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 01250-220016 है।
बाढड़ा के निर्वाचन अधिकारी डॉ. विरेंद्र सिंह ने बताया कि जेडीकेडी स्कूल परिसर में हलके का कंट्रोल रूम बनाया गया है। बाढड़ा हलके में 21 सेक्टर ऑफिसर, 43 माइक्रो ऑब्जर्वर व 11 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। वे चुनाव प्रक्रिया पर निगरानी रखेंगे और कंट्रोल रूम में अपनी रिपोर्ट भेजते रहेंगे। बाढड़ा में तीन टीमें एफएसटी की, तीन टीमें एसएसटी व तीन टीम वीएसटी की आदर्श चुनाव आचार संहिता की पालना पर नजर रख रही हैं। हलके में मतदान करवाने के लिए 239 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। यहां 22 पोलिंग पार्टियों को रिजर्व में रखा गया है। इसी प्रकार दादरी विधानसभा क्षेत्र का कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 01250-223429, 223229 है। दादरी के निर्वाचन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने बताया कि दादरी विधानसभा क्षेत्र के लिए आज 232 पोलिंग पार्टियों को बूथ पर भेजा गया है। यहां 24 पार्टियों को रिजर्व में रखा गया है। हलके में 77 माइक्रो ऑब्जर्वर, 19 सेक्टर ऑफिसर, दस जोनल मजिस्ट्रेट, तीन एफएसटी, तीन वीएसटी व तीन एसएसटी बनाए गए हैं।