{"_id":"656f6c6edc202be64504f0b5","slug":"haryana-agent-absconds-with-his-family-taking-more-than-rs-100-crore-from-villagers-2023-12-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: ग्रामीणों की 100 करोड़ से अधिक की रकम लेकर परिवार समेत फरार हुआ आढ़ती, पंचायत ने बनाई कमेटी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
Haryana: ग्रामीणों की 100 करोड़ से अधिक की रकम लेकर परिवार समेत फरार हुआ आढ़ती, पंचायत ने बनाई कमेटी
Wed, 06 Dec 2023 12:02 AM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Wed, 06 Dec 2023 12:02 AM IST
सार
चरखी दादरी के झिंझर समेत अन्य गांवों के लोगों को मोटी चपत लगाई गई है। झिंझर में पंचायत आयोजित कर कमेटी बनाई गई है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : istock
विस्तार
हरियाणा के चरखी दादरी में ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 100 करोड़ से अधिक की रकम लेकर एक आढ़ती परिवार समेत फरार हो गया। गत शनिवार से उसका सुराग नहीं है। वहीं, इस मामले को लेकर झिंझर गांव में पंचायत आयोजित की गई, जिसमें झिंझर समेत विभिन्न गांवों के लोगों ने भाग लिया। ये वो लोग थे जिनकी आढ़ती से लेनदारी बकाया है। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से एक कमेटी गठित करने का निर्णय लिया है।
विज्ञापन
झिंझर में आयोजित पंचायत करीब दो घंटे तक चली। इसमें ग्रामीणों ने झिंझर गांव की कुल रकम का पता लगाने के लिए कमेटी गठन का निर्णय लिया है। ये कमेटी हर घर की लेनदारी का ब्योरा दर्ज करेगी और इसके बाद जिला प्रशासन से मुलाकात कर पुलिस की मार्फत उक्त आढ़ती को पकड़ने की मांग करेगी।
विज्ञापन
ग्रामीणों के अनुसार गत शनिवार रात से आढ़ती परिजनों समेत फरार है। उसके दादरी स्थित दुकान और मकान पर ताला लगा है, जबकि वो कहां गए हैं इसकी जानकारी किसी को नहीं है। झिंझर के ग्रामीणों ने बताया कि पूरा गांव लंबे समय से उक्त आढ़ती के पास ही अपनी रकम रखता था। इसके बदले उन्हें एक से डेढ़ प्रतिशत ब्याज मिलता था और जरूरत पड़ने पर वो रुपये ले लेते थे।
विज्ञापन
पुलिस को नहीं दी अभी शिकायत
ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत अभी पुलिस को नहीं दी है। ग्रामीणों का तर्क है कि पहले वास्तविक रकम का पता लगाया जाएगा और इसके बाद गठित की गई कमेटी मामले की प्रशासन के समक्ष पैरवी करेगी।
आढ़ती ने पूरे गांव को चपत लगाई है। अकेले झिंझर गांव के लोगों को आढ़ती से करीब 100 करोड़ रुपये लेने थे। गठित की गई कमेटी ग्रामीणों का ब्योरा दर्ज कर रही है और जल्द ही वास्तविक लागत का पता चल जाएगा। बुधवार को इस मामले को लेकर कमेटी डीसी से भी मिल सकती है। -सतबीर फौगाट, कमेटी सदस्य।
हमारे पास फिलहाल इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। जहां तक मुझे जानकारी है आढ़ती की दुकान दादरी शहर में थी। अगर हमारे पास कोई शिकायत आती है तो पर उस पर संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -रामसिंह, एसएचओ, बौंदकलां थाना।