चरखी दादरी: मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को शराब और कोल्ड ड्रिंक्स की बोतल में पेट्रोल-डीजल बेचता मिला किराना स्टोर संचालक
गुप्त सूचना पर कार्रवाई के लिए बरसाना संयुक्त टीम पहुंची। झोझूकलां थाने में किराना स्टोर संचालक के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया है। मौके पर 16 लीटर पेट्रोल और 310 लीटर डीजल का अवैध भंडारण मिला। साथ ही बिना अनुमति के डीजल लेकर जा रहे दो टैंकर भी पकड़े जिनमें 5750 लीटर डीजल मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के चरखी दादरी में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने बरसाना गांव में किराना स्टोर संचालक को पेट्रोल और डीजल की अवैध बिक्री करने करते हुए पकड़ा। जांच में सामने आया कि आरोपी बियर, देसी शराब और कोल्ड ड्रिंक्स की बोतल में डीजल व पेट्रोल भरकर देता था। आरोपी की धरपकड़ के लिए डमी ग्राहक का सहारा लिया गया।
इस संबंध में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की शिकायत के बाद झोझूकलां थाने पुलिस ने आरोपी दुकानदार सत्यदेव को गिरफ्तार कर लिया है।मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने कार्रवाई के दौरान मापतोल विभाग से मंजूरी लिए बिना ही डीजल ले जा रहे दो टैंकर को भी जब्त किया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को गुप्त सूचना मिली थी कि बरसाना स्थित लांबा किराना स्टोर का संचालक नियमों के विरुद्ध पेट्रोल व डीजल की अवैध बिक्री करता है। इस आधार पर शनिवार सुबह मुख्यमंत्री उड़नदस्ता एसआई अनूप सिंह की अगुवाई में दादरी पहुंचा। यहां गुप्तचर विभाग के डीआई जलधीर फौगाट, खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर यक्ष तेवतिया व मापतोल विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर दोपहर करीब 12 बजे बरसाना में दबिश दी गई।
टीम में शामिल एक कर्मचारी को डमी ग्राहक बनाकर पेट्रोल खरीदने के लिए लांबा किराना स्टोर पर भेजा गया। संचालक सत्यदेव से उक्त कर्मचारी ने पांच लीटर पेट्रोल मांगा और इसके बदले उसने 550 रुपये मांगे। बता दें कि जिले में पेट्रोल का रेट करीब 102 रुपये है, जबकि किराना स्टोर संचालक प्रति लीटर करीब आठ रुपये महंगा पेट्रोल बेच रहा था।
दुकानदार के डमी ग्राहक को पेट्रोल देने की टीम ने वीडियो बना ली और इसके बाद वहां दबिश। दबिश के दौरान डीजल और पेट्रोल का अवैध भंडारण मिला और इस पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने झोझूकलां थाने में शिकायत दी। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी दुकानदार सत्यदेव को गिरफ्तार कर लिया।
लोहे के ड्रम में था डीजल, प्लास्टिक कैन में मिला पेट्रोल
दबिश के दौरान टीम को किराना स्टोर पर 16 लीटर पेट्रोल और 310 लीटर डीजल का अवैध भंडारण मिला। आरोपी ने पेट्रोल प्लास्टिक की कैन में जबकि डीजल लोहे के ड्रम में डाल रखा था। टीम की जांच में सामने आया कि पिछले करीब एक माह से वह अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल की बिक्री कर रहा था।
पकड़े गए दो टैंकरों में से एक किराना स्टोर के सामने ही हुआ बंद
टीम जब लांबा किराना स्टोर पर जांच कर रही थी, उसी दौरान डीजल से भरा एक छोटा टैंकर ठीक दुकान के सामने बंद हो गया। टीम ने जब दस्तावेजों की जांच की तो यह टैंकर मापतोल विभाग से प्रमाणित नहीं मिला, जिसके चलते इस टैंकर को टीम ने जब्त कर लिया। इसी दौरान डीजल का एक और कैंटर आया और वह भी मापतोल विभाग से प्रमाणित नहीं मिला। डीजल से भरे दूसरे टैंकर को भी टीम ने जब्त कर लिया। एक कैंटर में 2250 लीटर तो दूसरे में 3500 लीटर डीजल मिला।
किराना स्टोर संचालक के नियमों को ताक पर रखकर डीजल-पेट्रोल की अवैध बिक्री करने की हमें शिकायत मिली थी। इस आधार पर शनिवार को हमने दबिश दी तो वहां 16 लीटर पेट्रोल व 310 लीटर डीजल का अवैध स्टॉक मिला। इस संबंध में झोझूकलां थाना पुलिस को शिकायत दी गई है। - अनूप सिंह, एसआई, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सत्यदेव के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। - जसमेर गुलिया, थाना प्रभारी, झोझूकलां थाना