बाढड़ा। प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. एमएल रंगा ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व में सर्वश्रेष्ठ है जिसमें अमीर-गरीब, जाति, धर्म के अंतर को खत्म कर गरीब आदमी को भी बड़े पद पर प्रतिभा दिखाने का अधिकार मिला है। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में कांग्रेस कार्यकर्ता सजगता बरतें। यह बात उन्होंने गांव झोझू कलां धर्मशाला में आयोजित एसआईआर जागरूकता सम्मेलन में कही। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सोमवीर श्योराण व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील भी मौजूद रहे। प्रशिक्षण शिविर में पूर्व मंत्री डाॅ. एमएल रंगा ने कहा कि ईडी, सीबीआई जैसी जांच एजेंसियां आज केवल सरकार के इशारे तक सिमट कर रह गई हैं। देश सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। एसआईआर मिशन को कांग्रेस कार्यकर्ता सजगता से पूरा करवाने में सहयोग करें। कार्यकर्ता अपने बूथ पर योग्य मतदाता के नाम का ध्यान रखें और फर्जी मतदाताओं को सूची से बाहर करवाएं। किसी भी सूरत में अयोग्य व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न होने पाए। रंगा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लाखों मतदाताओं को मतदान से जानबूझ कर दूर रखा गया। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। शिविर में दलबीर गांधी, अरुण सर्राफ, आनंद बिजारणिया, दलीप सांगवान, कृष्ण, रोहताश, विरेंद्र ढाणी फोगाट, पूर्व सरपंच पप्पूराम आदि मौजूद रहे।