{"_id":"68a77c07b6fa03cd2905e28e","slug":"there-will-be-a-clash-on-the-issue-of-law-and-order-and-recruitment-in-the-monsoon-session-chandigarh-haryana-news-c-16-1-pkl1073-797078-2025-08-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Chandigarh-Haryana News: मानसून सत्र में कानून व्यवस्था व भर्तियों के मुद्दे पर होगा टकराव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Chandigarh-Haryana News: मानसून सत्र में कानून व्यवस्था व भर्तियों के मुद्दे पर होगा टकराव
विज्ञापन
विज्ञापन
आज दोपहर दो बजे से शुरू होगा विधानसभा सत्र, इससे पहले बीएसी की होगी बैठक
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधायकों व मंत्रियों के साथ विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने की तैयार की रणनीति
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 22 अगस्त यानी आज दोपहर से शुरू हो रहा है। सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कानून व्यवस्था, भर्तियों और बीपीएल कार्ड के मुद्दे को लेकर टकराव देखने को मिल सकता है।
कांग्रेस के साथ इनेलो ने भी सैनी सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है। उधर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधायकों और मंत्रियों के साथ विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए माकूल तैयारी की है। सत्र शुरू होने से पहले मनीषा हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने और शव का पोस्टमार्टम एम्स से करवाकर राज्य सरकार ने सभी सवालों का मजबूती से जवाब देने की तैयारी कर ली है।
विज्ञापन
इनेलो ने भी सरकार को घेरने की तैयारी, दिए 10 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव: कांग्रेस के अलावा इनेलो ने भी सरकार को घेरने की पूरी तैयार की है। इनेलो प्रदेश में खाद की कमी के बारे, शिक्षण संस्थानों के लिए आरक्षित की गई जमीन को आवंटित करने बारे, एसवाईएल नहर, कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति, सरकारी स्कूलों में हजारों की संख्या में शिक्षकों के खाली पद के मुद्दे उठाएगा।
विज्ञापन
वहीं जमीन के कलेक्टर रेट में वृद्धि, वायरस से धान व जीरी की बर्बाद फसल, बिजली की दरों में वृद्धि और आयुष्मान योजना के लाभार्थियों के इलाज संबंधी मुद्दे पर सरकार को घेरेगा। विधानसभा में यह मुद्दे इनेलो विधायक दल के नेता आदित्य देवीलाल और विधायक अर्जुन चौटाला उठाएंगे।
सरकार संविधान केखिलाफ चल रही: अरोड़ा
विपक्ष ने सत्र के दौरान सरकार को घेरने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। पूर्व स्पीकर व कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ गई है। आए दिन हत्याएं, रेप और रंगदारी मांगने की खबरें आ रही हैं इसलिए सारे काम रोककर सरकार से पहले कानून व्यवस्था पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वे भाजपा सरकार की ओर से विधानसभा क्षेत्रों में मंत्रियों व विधायकों की जिम्मेदारी पर भी चर्चा करेंगे। उनका कहना है कि सैनी सरकार संविधान के खिलाफ चल रही है।
अभी तक दो विधेयक सूचीबद्ध और 30 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव आए
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्डा ने बताया कि सत्र के लिए अभी तक 30 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, एक अति आवश्यक प्रस्ताव आया है। पिछड़ा वर्ग आयोग की शक्तियां बढ़ाने और विधायकों का यात्रा भत्ता बढ़ाने का विधेयक सूचीबद्ध किया जा चुका है। इसके अलावा जनविश्वास बिल और हरियाणा सिख गुरुद्वारा न्यायिक आयोग की शक्तियां बढ़ाने का विधेयक भी सूचीबद्ध किया जा सकता है। प्रश्नकाल के लिए 60 विधायकों के प्रश्न सूचीबद्ध किए जा चुके हैं।
सीएम की घोषणाओं व पुलिस भर्ती संबंधी पूछे गए हैं सवाल
इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल ने राज्य की कानून व्यवस्था से संबंधित सवाल पूछा है। उन्होंने कॉल से धमकी, वसूली के मामले और अपराधियों की गिरफ्तारियों के बारे में पूछा है। मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा ने पूछा है कि जुलाई तक सभी सड़कों की मरम्मत करने के आदेश दिया था, अब तक उनकी घोषणा पर कितना अमल हुआ है। वहीं, कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने सवाल लगाया है कि 5600 पुलिसकर्मियों की भर्ती सरकार कब करेगी। कालांवाली से विधायक शीशपाल केहरवाला ने जनवरी 2024 से 31 जुलाई 2025 तक नए बीपीएल कार्डों की संख्या पूछी है।