{"_id":"689f77d89345c8563a0c9bcd","slug":"bhiwani-superintendent-of-police-manbir-singh-transferred-action-in-murder-case-of-teacher-who-was-missing-2025-08-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bhiwani: दो दिन से लापता शिक्षिका की हत्या मामले में बड़ी कार्रवाई; पुलिस अधीक्षक भिवानी मनबीर सिंह का तबादला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bhiwani: दो दिन से लापता शिक्षिका की हत्या मामले में बड़ी कार्रवाई; पुलिस अधीक्षक भिवानी मनबीर सिंह का तबादला
Fri, 15 Aug 2025 11:39 PM IST
शिव शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भिवानी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भिवानी
Published by: शिव शुक्ला
Updated Fri, 15 Aug 2025 11:39 PM IST
सार
लोहारू क्षेत्र के गांव सिंघानी में बुधवार सुबह नहर के पास दो दिन से लापता 19 वर्षीय महिला शिक्षिका का शव बरामद हुआ था। जिसके बाद से ही इलाके में तनाव है। शिक्षिका की तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
- फोटो : संवाद
विस्तार
लोहारू क्षेत्र के गांव सिंघानी में बुधवार सुबह नहर के पास दो दिन से लापता 19 वर्षीय महिला शिक्षिका की हत्या के मामले में सीएम नायब सिंह सैनी ने सख्त कार्रवाई की है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक भिवानी मनबीर सिंह का तबादला कर 2014 बैच के सुमित कुमार को नया एसपी नियुक्त किया गया है।
विज्ञापन
साथ ही, लोहारू SHO अशोक, L/ASI शकुंतला, ERV के ESI अनूप, कांस्टेबल पवन और एसपीओ धर्मेंद्र को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था किसी भी कीमत पर नहीं बिगड़ने दी जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा ही सरकार की पहली प्राथमिकता है।
विज्ञापन
बता दें कि लोहारू क्षेत्र के गांव सिंघानी में बुधवार सुबह नहर के पास दो दिन से लापता 19 वर्षीय महिला शिक्षिका का शव बरामद हुआ था। जिसके बाद से ही इलाके में तनाव है। शिक्षिका की तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी। फिलहाल पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका मनीषा, गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी थी और पिछले कुछ महीनों से सिंघानी के एक प्ले स्कूल में बच्चों को पढ़ाती थी। 11 अगस्त को वह रोजाना की तरह स्कूल खत्म होने के बाद घर जाने के लिए निकली थी लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंची। परिजनों ने स्कूल संचालक रोहित दहिया से पूछताछ की तो सीसीटीवी फुटेज में मनीषा को सिवानी रोड की ओर जाते देखा गया। परिजनों ने 12 अगस्त को लोहारू थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई लेकिन बुधवार सुबह उसका शव नहर के पास मिलने के बाद गांव में मातम पसर गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मामले में डीएसपी लोहारू दलीप सिंह ने पहले ही कहा था कि घटना की निष्पक्ष जांच की जाएगी। युवती की गुमशुदगी की शिकायत लोहारू थाने में दर्ज कर ली गई थी। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गई हैं जिसमें साइबर टीम भी शामिल है। युवती के शव का पोस्टमार्टम भिवानी सामान्य अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से कराया गया है। मामले की जांच के लिए एसआईटी भी गठित की गई है।