फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Bhiwani News ›   The Chief Minister inaugurated the Golden Jubilee Gate of HBSE in Bhiwani of Haryana

हरियाणा: मुख्यमंत्री ने किया एचबीएसई के स्वर्ण जयंती द्वार का उद्घाटन, बोले- 2025 तक लागू करेंगे नई शिक्षा नीति

Sun, 27 Feb 2022 07:52 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी (हरियाणा) Published by: भूपेंद्र सिंह Updated Sun, 27 Feb 2022 07:52 PM IST
सार

मुख्यमंत्री ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के स्वर्ण जयंती द्वार का उद्घाटन करते हुए ही बहुउद्देशीय अटल सभागार का भूमि पूजन भी किया। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में वार्षिक अलंकरण समारोह मनाया, जिसमें मेधावियों का सम्मान किया गया।

विज्ञापन
The Chief Minister inaugurated the Golden Jubilee Gate of HBSE in Bhiwani of Haryana
मुख्यमंत्री ने किया एचबीएसई के स्वर्ण जयंती द्वार का उद्घाटन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

शिक्षा को विकास की धुरी मानते हुए आज हरियाणा में छात्र-छात्राओं को अति उत्तम, गुणवत्तायुक्त और रोजगारपरक शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान करने के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे प्रदेश में 2025 तक नई शिक्षा नीति लागू की जाएगी। हरियाणा सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण व नकल रहित परीक्षाओं के लिए दृढ़ संकल्पित है। उक्त बात मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भिवानी में रविवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में आयोजित वार्षिक अलंकरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि की।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने बोर्ड के स्वर्ण जयंती द्वार का उद्घाटन व बहुउद्देशीय अटल सभागार का भूमि पूजन किया। साथ ही बोर्ड परिसर में 24 नए आवासीय मकानों का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा व वन मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने की।
विज्ञापन


कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल, सांसद धर्मबीर सिंह, स्थानीय विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा विधायक बिशंबर वाल्मीकि उपायुक्त आरएस ढिल्लो, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, दीनबंधु छोटूराम विश्वविद्यालय, मुरथल (सोनीपत) के कुलपति आरके अनायत, चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय भिवानी के कुलपति प्रो. आरके मित्तल, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कुलपति प्रो. बीआर कांबोज, बोर्ड अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह, उपाध्यक्ष  वीपी यादव, सचिव कृष्ण कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर धूपड़, केएल भट्ट अधीक्षक अभियंता पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन, डॉ. पवन कुमार बोर्ड संयुक्त सचिव मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन


शिक्षार्थ आइये, सेवार्थ जाइये : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में शिक्षार्थ आइये और सेवार्थ जाइये यह ध्येय होता है। शिक्षा और संस्कार साथ-साथ चलते हैं। बोर्ड में बनने वाले सभागारों से शिक्षा के साथ-साथ कला संस्कृति का भी विकास होगा। यह भी संयोग ही है कि भिवानी नगर जोकि छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध है में ही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का मुख्यालय है। उन्होंने कहा कि प्राचीन पद्धति के अनुसार शिक्षा का क्रम शिक्षा-परीक्षा-दीक्षा होना चाहिए। इसे लागू करने के बारे में सरकार विचार कर रही है, क्योंकि यह पता लगाना अत्यंत आवश्यक है कि व्यक्ति में शिक्षा प्राप्ति के पश्चात हुनर है या नहीं। इसके लिए सरकार पलवल में स्किल डेवलपमेंट विश्वविद्यालय बना रही है। 

अटल सभागार में 2000 लोगों के बैठने की क्षमता रहेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बोर्ड परिसर में बनने वाला चार मंजिला बहुउद्देशीय अटल सभागार अपने आप में अनूठा होगा। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में यह सभागार शैक्षिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से निर्मित किया जा रहा है। हरियाणा के बड़े सभागारों में इसका शुमार होगा, जिसमें करीब 2000 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। मुख्यमंत्री ने इस सभागार का शिलान्यास 20 दिसंबर, 2019 को किया गया था। 12,239 वर्ग मीटर में बनकर तैयार होने वाला सभागार पूर्णतया वातानुकूलित व अत्याधुनिक तकनीक से युक्त होगा। सभागार लगभग 02 साल में बन कर तैयार हो जाएगा।

The Chief Minister inaugurated the Golden Jubilee Gate of HBSE in Bhiwani of Haryana
HBSE Gate - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

लक्ष्य से पांच साल पहले ही प्रदेश में लागू होगी नई शिक्षा नीति
मुख्यमंत्री ने मनोहर लाल ने कहा कि देश में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को 2030 तक पूरी तरह लागू करने की योजना है। मगर हरियाणा में इसे 2025 तक ही लागू कर दिया जाएगा, ताकि हमारे युवा औरों के लिए प्रेरणादायी बने। शिक्षा ही एक ऐसा साधन है, जिसके माध्यम से हर परिवार के स्तर को ऊंचा उठाया जा सकता है।

नई शिक्षा नीति के तहत सरकार का मुख्य ध्येय कम लागत में बेहतर शिक्षा मुहैया करवाना और सभी शिक्षण संस्थाओं में अच्छी गुणवत्ता की अधोसंरचना स्थापित करना है। कक्षा 9वीं से 12वीं तक कौशल विकास का विषय अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा, ताकि प्रदेश के युवा स्वरोजगार एवं रोजगारपरक शिक्षा ग्रहण कर सकें। उन्होंने नकल रोकने व अन्य बेहतर प्रयासों के लिए बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह की भी तारीफ की।

11वीं, 12वीं के विद्यार्थियों को देंगे टैबलेट : शिक्षा मंत्री 
शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के कदम प्रशंसनीय है। इस बार शिक्षा बोर्ड द्वारा कक्षा छठी से दसवीं तक के इतिहास के पाठ्यक्रम में परिवर्तन करते हुए आगामी शैक्षिक सत्र के लिए नई पुस्तकें लिखवाई गई हैं और वैदिक गणित का पाठ्यक्रम तैयार करवाया गया है। जिसे शिक्षा विभाग की अनुमति उपरांत पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा।  

शिक्षा बोर्ड द्वारा संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए संस्कृत सेल का गठन किया गया  है। इसके तहत कक्षा 10वीं की पूर्व मध्यमा एवं 12वीं की उत्तर मध्यमा की पार्ट-2 की परीक्षाएं संचालित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर के 11वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को टैबलेट देने का निर्णय लिया है।

सरकार ने लगभग 5 लाख टैबलेट खरीदने का फैसला लिया है, जो आगामी शैक्षणिक सत्र से 11वीं व 12वीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दिए जाएंगे। कार्यक्रम में कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल, सांसद धर्मबीर सिंह व विभिन्न विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे विधायकों ने बोर्ड की उपलब्धियों एवं कार्यों की सराहना की। बोर्ड अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह ने मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथिगणों का आभार व्यक्त किया।

हिसार की भावना सैनी को मिला कल्पना चावला अवॉर्ड और 51 हजार रुपये
मुख्यमंत्री ने बोर्ड की वार्षिक परीक्षा-2020 में नकल उन्मूलन में अहम योगदान देने के लिए 5 प्रवक्ताओं को सुशीला स्मृति व 11 प्रवक्ताओं को राकेश स्मृति पुरस्कार के रूप में प्रशंसापत्र व 5100 रुपये प्रति व्यक्ति राशि देकर सम्मानित किया। सेकेंडरी परीक्षा वर्ष-2021 में लिखित परीक्षा में 485 अंक प्राप्त करने वाली जिला हिसार की छात्रा भावना सैनी को डॉ. कल्पना चावला अवॉर्ड से सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र, गोल्ड मेडल व प्रोत्साहन स्वरूप 51000 रुपये की राशि दी गई। 

बोर्ड अधिकारी संतोष कुमारी को विभिन्न पैरालंपिक प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किए जाने पर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त बोर्ड के कर्मचारी विकास कुमार के पुत्र ईशांत जिसका हरियाणा की एकमात्र सीट पर राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज, देहरादून में 8वीं कक्षा में चयन हुआ, उसको मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

महज 21 वर्ष की आयु में एमके ऐप क्रिएटिव्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक और सीईओ मोहित को भी सम्मानित किया गया। नासा ने पूरे भारत के 29,000 प्रतिभागियों में से 3 बच्चों का चयन किया, जिसमें मोहित का नाम शामिल है। मोहित कुमार के पास 80 पेटेंट और 7 स्टार्टअप हैं और इन्हें भारत सरकार द्वारा वर्ष 2019 के लिए उन्हें यंग एंटरप्रेन्योर का खिताब भी दिया गया है। मोहित कुमार ने एक ऐसा सॉफ्टवेयर तैयार किया है, जिससे अब कभी एक्सीडेंट नहीं होंगे और किसी की जान सड़क हादसों में नहीं जाएगी।

मोहित भिवानी के रहने वाले है। इसके अतिरिक्त बोर्ड प्रांगण में स्थित सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल के छात्र संजीत कुमार का सुपर 100 एनडीए के निशुल्क प्रशिक्षण हेतु चयन हुआ है। इससे पूर्व भी इस विद्यालय से सुपर 100 परीक्षा में 04 छात्र-छात्राओं दिशिका आर्य, मुस्कान, कनिका व हिमांशु का आईआईटी, जेईई, नीट परीक्षा की निशुल्क तैयारी हेतु चयन हुआ है। मुख्यमंत्री ने सभी को बधाई व शुभकामनाएं दीं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed