भिवानी। गांव कलिंगा स्थित बालाजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में तीन दिवसीय 15वीं सब जूनियर राज्य स्तरीय नेटबाल प्रतियोगिता का वीरवार को समापन हो गया। लड़कों में रोहतक तो लड़कियों में झज्जर की टीम ने बाजी मारी। प्रतियोगिता की विजेता टीम को ट्राफी देकर सम्मानित किया गया।
स्कूल संचालिका रेणुका शर्मा व प्रधानाचार्य राजेश्वरी श्योराण ने कहा कि विश्व भर में आज भिवानी की पहचान यहां के खिलाड़ियों व खेलों की वजह से हुई है। यहां के खिलाड़ियों ने न केवल राष्ट्रीय, बल्कि अंतर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी देश का नाम चमकाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से अन्य युवाओं का रुझान भी खेल की तरफ बढ़ता है, वे भी खेल में भागीदारी कर देश का नाम रोशन करने का काम करते हैं।
प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए नेटबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रधान हरिओम कौशिक तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबलों में पुरुष वर्ग में रोहतक प्रथम, सोनीपत द्वितीय और भिवानी व कैथल संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में झज्जर प्रथम, सोनीपत द्वितीय और रोहतक व भिवानी संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।