एचटेट: दूसरे दिन दो शिफ्टों में एक लाख अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, पहली बार परीक्षार्थियों की कलाइयों में टैग बांधकर दिया प्रवेश
कड़े बंदोबस्तों के बीच लगातार दूसरे दिन परीक्षा का संचालन किया गया। प्रदेश के सभी परीक्षा केन्द्रों की बोर्ड के कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग की गई लाइव। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव ने परीक्षा केंद्रों का भी निरीक्षण किया। बोर्ड कार्यालय द्वारा 18 व 19 दिसंबर को आयोजित कराई गई हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा की ड्राफ्ट उत्तरकुंजी बोर्ड की वेबसाइट पर 19 दिसंबर को अपलोड की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) की परीक्षाएं रविवार को दूसरे दिन शांतिपूर्वक संचालित हुई। प्रदेशभर में रविवार को 267 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया। लगभग एक लाख विद्यार्थी प्रदेशभर से परीक्षा में शामिल हुए। नकल के 23 मामले भी पकड़े गए। सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में बनाए गए कंट्रोल रूम से बोर्ड और प्रशासनिक अधिकारियों ने ऑनलाइन मॉनिटरिंग की। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह, उपाध्यक्ष वीपी यादव एवं सचिव कृष्ण कुमार ने भिवानी स्थित विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा में नकल व अन्य हस्तक्षेप रोकने के लिए कड़े इंतजामों का जायजा भी लिया।
बोर्ड सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि प्रात:कालीन सत्र में लेवल-2 (टीजीटी) के 267 केंद्रों पर परीक्षा हुई। सायंकालीन सत्र में लेवल-1 (पीआरटी) के 140 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा सम्पन्न हुई। प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों की मानिटरिंग बोर्ड मुख्यालय पर स्थापित हाईटैक कंट्रोल रूम से की गई।
यह भी पढ़ें ः रोहतक: पिता ने किया था मंदबुद्धि बेटी से दुष्कर्म, चार माह की गर्भवती होने के बाद ऐसे हुआ खुलासा
सभी अभ्यर्थियों को आवश्यक जांच के विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ा। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर कर्मचारियों द्वारा मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। सभी अभ्यर्थियों की लगातार वीडियोग्राफी भी की गई। उन्होंने यह भी बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर उड़नदस्तों द्वारा कड़ी निगरानी रखी गई।
संदूकों पर लगे थे दो ताले
बोर्ड सचिव ने बताया कि प्रश्र-पत्रों को संदूकों में रखा गया था। प्रत्येक संदूक पर दो ताले लगाए गए थे, जिनकी एक चाबी संयुक्त टीम के पास तथा दूसरी चाबी केंद्र अधीक्षक की निगरानी में रखी गयी थी। उन्होंने बताया कि अध्यापक पात्रता परीक्षा लेवल-1 (पीआरटी), लेवल-2 (टीजीटी) व लेवल-3 (पीजीटी) से संबंधित सभी विषयों की ड्राफ्ट उत्तरकुंजी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
पहली बार परीक्षार्थियों की कलाईयों में टैग बांधकर दिया प्रवेश
बढ़ते पेपर लीक मामले व पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पहली बार एचटेट परीक्षा यानि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा में टैग का इस्तेमाल किया गया। यह टैग परीक्षार्थियों की कलाईयों पर बांधा गया, जिससे सुपरिटेंडेंट, फ्लाइंग स्कवायड और शिक्षकों को पता रहे कि टैग वाले परीक्षार्थी ने परीक्षा केंद्र में एंट्री करने से पहले सभी चरणों को पार किया है, जिसमें मेटल डिटेक्टर से जांच, आईडी प्रूफ दिखाना, दस्तावेजों की जांच, बाई आंख की स्क्रीनिंग, बायोमेट्रिक मशीन से अंगूठे के निशान लगाना सहित अन्य मानक शामिल थे। जिस भी परीक्षार्थी की कलाईयों पर टैग नहीं बंधे हुए थे तो उन्हें परीक्षा रूम के अंदर एंट्री नहीं मिली। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से हॉयर की निजी एजेंसी को सख्त निर्देश दिए गए थे कि वे एचटेट परीक्षा में एंट्री करने से पहले हर परीक्षार्थी की कलाईयों पर टैग बांधे। जैसे ही परीक्षा खत्म हो तो परीक्षा केंद्र परिसर में ही टैग उतरवा लिए जाएं।
एचटेट परीक्षा में पहली बार टैग का इस्तेमाल किया गया है। ताकि परीक्षा में चैकिंग के दौरान पारदर्शिता बनी रहे। टैग को कलाईयों पर बांधा गया, जिससे पता रहे कि संबंधित परीक्षार्थी एंट्री के सभी चरणों को पार करके परीक्षा रूम तक पहुंचा है। - ज्योति, सुपरिटेंडेंट, श्री कृष्ण प्रणाली स्कूल, बगला रोड।
एचटेट परीक्षा की ड्राफ्ट उत्तरकुंजी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह एवं सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि बोर्ड कार्यालय द्वारा 18 व 19 दिसंबर को आयोजित कराई गई हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) लेवल-1 (पीआरटी), लेवल-2 (टीजीटी) व लेवल-3 (पीजीटी) से संबंधित सभी विषयों की ड्राफ्ट उत्तरकुंजी बोर्ड की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉबीएसईएचडॉओआरजीडॉटइन पर 19 दिसंबर को अपलोड की जाएगी।
यदि किसी अभ्यर्थी को प्रश्न-पत्र बुकलेट में दिए गए किसी भी प्रश्न या उत्तरकुंजी में दिए गए किसी भी प्रश्न के उत्तर (विकल्प) के बारे में कोई आपत्ति हो तो इस संबंध में पूर्ण तथ्यों/प्रमाणों सहित 20 से 24 दिसंबर शाम पांच बजे तक निर्धारित शुल्क एक हजार रुपये प्रति प्रश्न अनुसार जमा कराते हुए अपनी आपत्ति ऑनलाइन बोर्ड की वेबसाइट पर दर्ज करवा सकते हैं।
यदि किसी प्रश्न के संबंध में दर्ज कराई गई आपत्ति सही पाई जाती है तो ऐसी स्थिति में उस प्रश्न के लिए जमा शुल्क अभ्यर्थी को परीक्षा परिणाम घोषित होने के उपरांत वापस कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रश्न-पत्र व उत्तरकुंजी के संबंध में 24 दिसंबर शाम पांच बजे के पश्चात प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। बिना किसी नोटिस के आपत्ति अस्वीकृत कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि किसी अन्य माध्यम से प्राप्त किसी भी आपत्ति पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।