भिवानी। भिवानी-रोहतक मुख्य मार्ग पर एमसी कॉलोनी मोड़ के समीप तेज रफ्तार ऑटो रिक्शा पलटने से उसमें सवार नौ साल की बच्ची की नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा 17 मार्च की रात दस बजे का है। शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। वहीं, पिता की शिकायत पर ऑटो रिक्शा चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज हुआ है।
पुराना बस स्टैंड गुजरों की ढाणी निवासी 38 वर्षीय सुरेंद्र ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। होली के दिन देर रात करीब दस बजे अपनी नौ साल की बेटी संजना के साथ कोंट रोड निवासी अपने दोस्त संजय के घर उससे मिलने जा रहा था। वह पुराना बस स्टैंड से अपनी बेटी संजना के साथ ऑटो रिक्शा में सवार हुआ था। ऑटो रिक्शा चालक शराब के नशे में तेज रफ्तार से ऑटो चला रहा था। उसे कई बार टोका, लेकिन वह नहीं माना। एमसी कॉलोनी मोड़ के समीप पहुंचते ही ऑटो पलट गया। इस हादसे में उसकी नौ साल की बेटी ऑटो के नीचे दब गई और उसका सिर कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सड़क हादसे की जानकारी सब्जी मंडी पुलिस चौकी इंचार्ज राकेश को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंची। हादसे के बाद से ही ऑटो रिक्शा चालक पलटे हुए ऑटो को सीधा कर फरार हो गया। सब्जी मंडी पुलिस चौकी के इंचार्ज राकेश ने मृतक लड़की के पिता सुरेंद्र के बयान दर्ज कर इस संबंध में ऑटो रिक्शा चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।