फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Bhiwani News ›   examination, gram sachiv, students

ग्राम सचिव परीक्षा : फॉर्म सत्यापन के लिए भटकते रहे परीक्षार्थी

Sun, 10 Jan 2021 01:05 AM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Sun, 10 Jan 2021 01:05 AM IST
विज्ञापन
examination, gram sachiv, students
सेठ किरोड़ीमल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा केंद्र पर जांच के लिए कतार में खड़ी मह? - फोटो : Bhiwani
भिवानी। ग्राम सचिव की परीक्षा देने पहुंचे अनेक परीक्षार्थियों को परीक्षा से पहले फॉर्म सत्यापन के लिए एक और परीक्षा देनी पड़ी। दरअसल, काफी ऐसे परीक्षार्थी थे जो अपना रोल नंबर फॉर्म सत्यापित कराकर नहीं लाए थे। जब परीक्षा केंद्र के गेट पर पहुंचे तो उन्हें प्रवेश नहीं मिला। जिसके बाद फॉर्म सत्यापन के लिए उन्हें दौड़ लगानी पड़ी। वहीं 20000 में से 30 फीसदी परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
विज्ञापन

बता दें कि शनिवार होने के कारण लघु सचिवालय के विभिन्न विभाग बंद रहे और परीक्षा के चलते स्कूल-कॉलेजों में भी छुट्टी रही। जिसके बाद परीक्षार्थी अस्पताल पहुंचे। ओपीडी में चक्कर लगाने के बाद आपातकालीन विभाग पहुंचे। जहां फॉर्म सत्यापित हो सके। 300 से अधिक परीक्षार्थियों ने आपातकालीन विभाग में फार्म सत्यापित करवाए। ग्राम सचिव पद की परीक्षा के लिए जिलेभर में 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए। परीक्षा दो सत्रों सुबह व शाम में हुई। सुबह की परीक्षा का समय 10 बजे निर्धारित था। इसके चलते नौ बजे तक ही प्रवेश दिया गया। परीक्षार्थी ठंड में ठिठुरते हुए परीक्षा केंद्र पहुंचे। जांच प्रवेश द्वार पर फॉर्म सत्यापित न होने पर विभिन्न परीक्षा केंद्रों में तीन सौ से अधिक परीक्षार्थियों को रोक दिया गया। जिससे परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ गई और वे भाग-दौड़ करते नजर आए।
विज्ञापन

20000 में से 30 फीसदी परीक्षार्थी रहे गैर हाजिर
सुबह व सायंकालीन सत्र में हुई ग्राम सचिव परीक्षा में 20 हजार परीक्षार्थियों में से करीब 30 फीसदी परीक्षा गैर हाजिर रहे। यानी करीब छह हजार परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सायंकालीन सत्र की परीक्षा में 10078 परीक्षार्थियों में से 6476 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। रविवार को भी दो सत्रों में परीक्षा होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

एचटेट परीक्षा की तरह हुई पूरी जांच
परीक्षार्थियों की प्रवेश से पहले अध्यापक पात्रता परीक्षा की तरह ही पूरी जांच हुई। महिलाओं को आभूषण पहनकर जाने की अनुमति नहीं थी, तो कोई भी इलेक्ट्रॉनिक आइटम फोन, घड़ी आदि नहीं ले जा सकता था। सबसे पहले बायोमैट्रिक जांच हुई। यहीं पर रोल नंबर व आईडी की भी जांच हुई। पूरी जांच की वीडियोग्राफी भी की गई।
जाम ने बिगाड़ी व्यवस्था
ग्राम सचिव परीक्षा के चलते शहर के सभी मुख्य मार्गों खासकर सरकुलर रोड पर जाम लगा। शहर के हांसी गेट से लेकर घंटाघर चौक तक, दूसरी तरह हांसी रोड पर बासिया भवन तक, रोहतक गेट की तरह इंप्रूवमेंट मार्केट तक लंबा जाम लगा। इसी तरह घंटाघर चौक भी जाम राह। रोहतक गेट से दादरी गेट, लोहारू रोड ओवरब्रिज तक लंबा जाम रहा। रोहतक गेट से बस स्टैंड के बीच भी जाम के कारण वाहन रेंग-रेंगकर चले। जाम में ग्राम सचिव की परीक्षा देने आए परीक्षार्थी भी फंसे रहे।
महज चार परीक्षार्थियों को लेकर सिरसा गई बस, अधिकतर ने नहीं दी परीक्षा
भिवानी के कुछ परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र सिरसा आया हुआ था। सुबह परीक्षा के लिए सिरसा जाने के लिए चार परीक्षार्थी बस स्टैंड पहुंचे। चार परीक्षार्थियों को ही लेकर बस सिरसा के लिए रवाना हुई। जिले के काफी परीक्षार्थी ऐसे भी रहे जिन्होंने सुबह अधिक ठंड होने और परीक्षा केंद्र दूर होने के चलते परीक्षा नहीं देने का निर्णय लिया और अपने घर रहे। बल्कि कुछ ऐसे भी थे जो एक दिन पहले ही सिरसा पहुंच गए थे।
आसान प्रश्न पत्र से खिले परीक्षार्थियों के चेहरे
परीक्षा के बाद अधिकतर परीक्षार्थी खुश नजर आए और उम्मीद जताई की परिणाम बेहतर होगा। परीक्षार्थियों ने बताया कि 90 में से अधिकतर प्रश्न हरियाणा के सामान्य ज्ञान से संबंधित थे।
कोट्स :
मैंने घर पर ही तैयारी की थी, मुझे परीक्षा से पहले काफी डर भी लग रहा था, मगर परीक्षा में पूछे गए सवाल देखकर सारा डर छू मंत्र हो गया। परीक्षा में सवाल काफी आसान थे, जिसे निर्धारित समय में हल करना कठिन नहीं था। मुझे विश्वास है कि परीक्षा में अच्छे अंक आएंगे।
-किरण कुमार, डीसी कॉलोनी निवासी।
परीक्षा के लिए कोई बाहर से कोचिंग नहीं ले पाया। इसलिए जितनी तैयारी थी, उसी से मेरा काम चल गया, क्योंकि पूछे गए सवाल आसान थे, जिन्हें हल करने में मुश्किल नहीं हुई। अब रिजल्ट पर निर्भर होगा कि आखिर मेरा परीक्षा में प्रदर्शन कैसा रहा। इसी को लेकर थोड़ा नर्वस हूं।
- मनोज कुमार, गांव रोढा निवासी।
परीक्षा डेढ़ घंटे की थी और उसमें 90 प्रश्न पूछे गए थे। एक प्रश्न को हल करने में करीब एक मिनट का समय मिला, मगर सवाल काफी आसान थे, जिन्हें निर्धारित अवधि में ही हल कर दिया। मुझे यकीन है कि मेरा चयन हो जाएगा। ठंड के दौरान सुबह परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में थोड़ी दिक्कत हुई थी।
- मोनू, कुंगड़ गांव निवासी।
मैं दिव्यांग हूं, लेकिन परीक्षा देने के लिए मैं निर्धारित समय पर पहुंचा हूं। परीक्षा में पूछे गए सवाल ठीक थे और पेपर भी अच्छा हुआ है। अब रिजल्ट आने पर ही पता चलेगा कि मेरा चयन होगा या नहीं। परीक्षा केंद्र तक में व्हील चेयर से आया हूं, क्योंकि मैं ठीक से चल फिर नहीं सकता। परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंचने और परीक्षा देने में मुझे कोई परेशानी नहीं आई।
- देवेंद्र भिवानी निवासी।
उपायुक्त ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
ग्राम सचिव परीक्षा के दौरान उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य ने शनिवार को शहर में बनाए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन में नियुक्त अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी और ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी या कर्मचारी के अलावा परीक्षा केंद्र के अंदर कोई अन्य दूसरा व्यक्ति प्रवेश न करे। महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने यहां प्रवेश द्वार पर स्थापित किए गए थर्मल स्कैनिंग, तलाशी प्रक्रिया व सैनिटाइजर व्यवस्था का जायजा लिया। ड्यूटी देने वाले परीक्षा अधीक्षक व अन्य किसी कर्मचारी को हाथ की घड़ी लेने जाने की इजाजत नहीं है। यदि किसी के पास घड़ी मिलती है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दो दिवसीय परीक्षा में करीब 40 हजार परीक्षार्थी ग्राम सचिव की परीक्षा देंगे। परीक्षा के संचालन के लिए भिवानी में 36 जगहों पर 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

कमीशन कॉपी लेकर महिला फरार, थाना में दी शिकायत
भिवानी। ग्राम सचिव की परीक्षा के दौरान उत्तमीबाई स्कूल में बने परीक्षा केंद्र से एक महिला परीक्षार्थी परीक्षा की कमीशन कॉपी लेकर फरार हो गई। इसकी शिकायत इनविजिलेटर ने सिविल लाइन थाना में दी है। पुलिस थाना में दी शिकायत में इनविजिलेटर बबीता ने बताया कि उसकी ड्यूटी ग्राम सचिव की परीक्षा में उत्तमीबाई आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नया बाजार में लगी थी। ड्यूटी कमरा नंबर 17 में लगी हुई थी। शाम कालीन शिफ्ट की परीक्षा में एक परीक्षार्थी ममता परीक्षा समाप्त होने के बाद अपनी कमीशन कॉपी को मना करने के बावजूद भी अपने साथ ले गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed