भिवानी। जिला मुख्यालय से महज 7 किलोमीटर दूर स्थित तिगड़ाना गांव को प्रस्तावित हांसी जिले में शामिल किए जाने की योजना के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। तिगड़ाना के करीब 1500 ग्रामीण सोमवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। तिगड़ाना के सरपंच सुरेंद्र कुमार व ठेकेदार नवीन तंवर ने कहा कि गांव की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान भिवानी जिले से जुड़ी है। इसे किसी भी हाल में तोड़ने नहीं दिया जाएगा। गांव वाले रोजमर्रा के कार्यों के लिए भिवानी पर निर्भर हैं, चाहे वह शिक्षा हो, स्वास्थ्य सेवाएं हों या कृषि संबंधी कार्य। ऐसे में 43 किलोमीटर दूर हांसी जिले में शामिल करने से आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि गांव तिगड़ाना व तिगड़ी की जनसंख्या करीब 25 हजार और मतदाता 11 हजार हैं। दोनों गांव का एक ही सरपंच निर्वाचित होता है। इसलिए तिगड़ाना गांव को भिवानी में ही रखा जाए। उपायुक्त ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और भावनाओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा। इस अवसर पर सुरेंद्र पंच, सीताराम चेयरमैन, कृष्ण पार्षद, प्रदीप पूर्व सरपंच, परमजीत, नेत्र पूर्व सरपंच, कैप्टन रविंद्र, रतिपाल माैजूद रहे। संवाद