भिवानी में हत्या: 10-12 लोगों ने जिम ट्रेनर व दोस्त को बेरहमी से पीटा, ट्रेनर का किया अपहरण, बेसुध कर फेंका
घायल ने पीजीआई में इलाज के दौरान दम तोड़ा। पुलिस ने एक नामजद सहित 12 के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी देर रात जिम ट्रेनर का अपहरण कर ले गए थे। आरोपियों ने प्रॉपर्टी के ऑफिस में भी तोड़फोड़ की।
विस्तार
हरियाणा के भिवानी में लाइन पार ग्वार फैक्टरी क्षेत्र में मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे प्रॉपर्टी डीलर ऑफिस में गाड़ी में सवार होकर आए 10-12 लोगों ने तोड़फोड़ कर दी। वहां से जिम ट्रेनर रवि का अपहरण कर अपने साथ ले गए। आरोपियों ने जिम ट्रेनर को इतना पीटा कि उसकी इलाज के दौरान रोहतक पीजीआई में मौत हो गई। आरोपियों ने जिम ट्रेनर के दोस्त को भी पीटा।
अपहरण के बाद युवक को गांव लोहानी के समीप बेसुध हालत में फेंककर आरोपी फरार हो गए। जिसके बाद गंभीर रूप से घायल को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई ले जाया गया, जहां देर रात को ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर एक नामजद सहित 10-12 अन्य युवकों के खिलाफ अपहरण, हत्या का प्रयास और हत्या का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में सिटी थाना पुलिस सहित सीआईए की टीम भी लगी है। मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है।
दिनोद रोड लाइनपार की दुर्गा कॉलोनी निवासी रवि अपने दोस्त सेवानगर कॉलोनी निवासी सौरभ के साथ किसी दोस्त के ग्वार फैक्टरी स्थित प्रॉपर्टी डीलर ऑफिस में रात करीब 11:30 बजे बैठा हुआ था। इसी दौरान गाड़ी में सवार होकर कुछ लोग वहां पहुंचे। आरोपियों ने लाठी डंडों से कार्यालय के अंदर तोड़फोड़ की और फिर वहां मौजूद सौरभ और रवि को खूब पीटा।
आरोपी सौरभ को अधमरा कर वहीं छोड़ गए, जबकि रवि का अपहरण कर अपने साथ गाड़ी में ले भागे। देर रात को ही वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घायल सौरभ को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया। घायल सौरभ ने पुलिस को बताया कि डाबर कॉलोनी निवासी हरीश उर्फ हरिया नामक व्यक्ति अपने 10-12 साथियों के साथ ऑफिस में पहुंचा था।
रवि के साथ आरोपी हरीश उर्फ हरिया की पुरानी रंजिश थी, इसी को लेकर आरोपी उसके साथ मारपीट कर रवि का अपहरण कर साथ ले गए। अल सुबह रवि को गांव लोहानी के समीप बेसुध हालत में पुलिस ने बरामद किया। वहीं उसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई ले जाया गया, जहां पीजीआई में उपचार के दौरान ही रवि ने दम तोड़ दिया।
सौरभ ने बताया कि रवि और वे दोनों दोस्त थे। रवि जिम ट्रेनर था। वे दोनों अपने किसी प्रॉपर्टी डीलर दोस्त के ऑफिस में बैठे हुए थे। इसी दौरान आरोपियों ने वारदात को अंजाम दे दिया। देर रात को ही सिटी थाना पुलिस ने घायल सौरभ के बयान पर हत्या का प्रयास और अपहरण का केस दर्ज किया था। पीजीआई में घायल रवि के दम तोड़ने के बाद सिटी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया।
हरीश सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
सूचना मिलते ही तत्परता से कार्रवाई की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। लोहानी के समीप रवि नामक युवक बरामद हुआ। रवि के साथ काफी मारपीट की गई थी, जिसकी वजह से पीजीआई में उसने दम तोड़ दिया। घायल सौरभ की शिकायत पर डाबर कॉलोनी निवासी हरीश उर्फ हरिया व उसके 10-12 साथियों के खिलाफ अपहरण, हत्या का प्रयास व हत्या का केस दर्ज किया है। सीआईए की टीम भी आरोपियों की तलाश में जुटी है। जल्द सभी आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। - रवींद्र कुमार, एसएचओ, सिटी पुलिस थाना भिवानी।