गाड़ी की टक्कर से स्कूटी सवार तीन गंभीर
भिवानी। भीम स्टेडियम के पीछे सेक्टर 13 मार्ग पर गौशाला की पिकअप गाड़ी व स्कूटी की टक्कर में स्कूटी सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
हादस रात करीब आठ बजे स्टेडियम के पीछे सेक्टर 13 मार्ग पर हुआ। स्कूटी सवार तीन युवक सेक्टर की ओर जा रहे थे और सामने से गौशाला की एक पिकअप गाड़ी आ रही थी। दोनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और स्कूटी भी पूरी तरह टूट गई। गौशाला गाड़ी सवार ही तीनों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। तीनों युवक विष्णु,अर्जुन और कर्ण नेपाल के रहने वाले है और सेक्टर 13 में एक पेट्रोल पंप संचालक के यहां नौकरी करते है। मामले में सेक्टर 13 चौकी इंचार्ज एसआई महेंद्र सिंह श्योराण ने बताया कि तीनों युवकों को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। घायलों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।