जिले में मंगलवार को सरकारी स्कूल की अध्यापिका व गृहिणी सहित 10 कोरोना के नए केस सामने आए हैं। हालांकि, मंगलवार को ही 22 कोरोना पॉजिटिव ठीक भी हुए हैं। कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों में एक केस हालु बाजार, दो केस गांव कुड़ल, तीन केस गांव धनाना, एक केस सिवानी रोड तोशाम, एक केस गांव संडवा, एक केस गांव रामबास, एक केस गांव जीताखेड़ी से शामिल है। अब तक जिले में कुल 1763 कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं, जिसमें से 1388 ठीक हो चुके हैं। अब जिले में कोरोना के 359 एक्टिव केस हैं। मंगलवार को जिले से 750 सैंपल लिए जा चुके हैं।
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कादयान ने बताया कि जिले में मंगलवार को 10 नए कोरोना पॉजिटिव के केस सामने आए हैं। जिनमें से एक हालु बाजार से 37 वर्षीय व्यक्ति है जो कि सरकारी स्कूल कुड़ल में अध्यापक है। यह भिवानी से कुड़ल प्रतिदिन आता-जाता है। इसकी अन्य कोई ट्रैवलिंग हिस्ट्री नहीं है। दो केस गांव कुड़ल से 31 वर्षीय महिला एवं उसकी पांच वर्षीय बेटी है। महिला गृहिणी है और पिछले 10 वर्षों से पंचकूला रह रही है। वह तीन सितंबर को कुड़ल आई थी। ये दोनों पहले से आए कोरोना पॉजिटिव महिला के पति के संपर्क में आई हैं। तीन केसों में गांव धनाना से 30 वर्षीय महिला है, जो कि गांव कैरू में सरकारी स्कूल में अध्यापिका है। यह पहले से आए कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आई है। 33 वर्षीय महिला गृहिणी है, वह भी पहले से आए कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आई है और 35 वर्षीय व्यक्ति जो कि धनाना में पोल फार्म का मालिक है। एक मामला सिवानी रोड तोशाम से 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला का है, जो गृहिणी है। इसकी कोई ट्रैवलिंग हिस्ट्री नहीं है। गांव संडवा से आठ वर्षीय लड़का है, जो विद्यार्थी है, उसकी भी कोई ट्रेवलिंग हिस्ट्री नहीं है। गांव रामबास से 64 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति है, जो अब हिसार स्थित जिंदल अस्पताल में दाखिल है और गांव जीताखेड़ी से 40 वर्षीय व्यक्ति है, जो कि मजदूर है। वह भी जिंदल अस्पताल में दाखिल है। इसकी अन्य कोई ट्रैवलिंग हिस्ट्री नहीं है।