अंबाला। 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर सोमवार को उपायुक्त विक्रम सिंह ने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि शेड्यूल के मुताबिक कार्य और अन्य गतिविधियां पूरी कराना सुनिश्चित करें। शेड्यूल के मुताबिक तीन अगस्त को खंड स्तर पर, चार को उपमंडल स्तर और पांच अगस्त को जिला स्तर पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ-साथ छह और सात अगस्त को राहगीरी कार्यक्रम होगा। इसके माध्यम से लोगों को हर घर तिरंगा कार्यक्रम के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जिले में पांच ऐतिहासिक स्थलों का चयन करते हुए वहां पर कार्यक्रम की रूपरेखा के दृष्टिगत आठ व नौ अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराएं।
हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत जिला में हर घर पर तिरंगा को सम्मानपूर्वक लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न गतिविधियां की जा रही हैं। स्कूलों व कॉलेजों में कार्यक्रम कर इसकी जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हमें इस कार्यक्रम को भव्य तरीके से मनाना है। उपायुक्त ने कहा कि तिरंगा लोगों को सुगमता से मिले, इसके लिए उचित मूल्य की दुकानों, पंचायत घर, सामान्य सेवा केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र, डाकघर, सरकारी स्कूल और नगर पालिका/परिषद के कार्यालयों में विक्रय के लिए रखा जाएगा।