अंबाला। नर्सों की भूमिका स्वास्थ्य सेवाओं में अहम है क्योंकि डॉक्टर काम करते हुए बीमारी का पता लगाकर मरीजों का इलाज करते है लेकिन मरीज की देखभाल नर्सेस करती हैं। उस देखभाल के बिना मरीज बिल्कुल निराश और हताश हो जाते हैं। उक्त जानकारी हरियाणा के स्वास्थ्य एवं गृहमंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को नर्सों को अंतरराष्ट्रीय नर्सेस दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए दी। शहर के फिलाडेल्फिया अस्पताल के स्कूल ऑफ नर्सिंग की छात्राएं व नर्सिंग स्टाफ निदेशक डॉ. सुनील सादिक के नेतृत्व में विज के आवास पर पहुंचे। इस दौरान नर्सेज की उपयोगिता विषय पर एक भाव विभोर करती लघु नाटिका प्रस्तुत की।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मैंने देखा है, कोविड-19 के दौरान लोग डर-डर के दूर भागते थे, लेकिन नर्सों ने जान की परवाह न करते हुए लोगों की देखभाल की है। कोविड के समय अज्ञात शत्रु ने मानव जाति पर हमला किया था, जिसका रंग रूप और शक्ल, साइज का पता नहीं था। उस समय केवल सेवा भाव से नर्सेज ने मरीजों को ठीक किया और उस अज्ञात दुश्मन के खिलाफ लड़ाई लड़ी। इस अवसर पर डॉ. शमीम सागर पूर्व प्राचार्य क्रिस्चियन मेडिकल कॉलेज ऑफ नर्सिंग लुधियाना, प्राचार्या फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार से सम्मानित डॉ. इंदिरा डेनियल, स्कूल ऑफ नर्सिंग स्टाफ पूनम, वर्जीनिया थॉमस, डॉली जॉनसन, सुखबिंदर, कृष्णा वर्मा उपस्थित रहे।