मुलाना। अमेरिका में रहने वाले दोस्त का बेटा बनकर एक लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। मुलाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। सुहाना के रहने वाले सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लालडू में बतौर असिस्टेंट मैनेजर कार्यरत है। बीती 4 अप्रैल को उसके पिता रमेश कुमार के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को रमेश कुमार के अमेरिका में रह रहे पुराने मित्र रिटायर्ड आईजी गुरताज का पुत्र बताया।
उसने बताया कि वह रमेश कुमार के पास कुछ पेमेंट भेजेगा जोकि वह भारत आकर ले लेगा। इसलिए उसे अपना आधार कार्ड भेज दो। उन्होंने व्हाट्सएप पर आधार कार्ड भेज दिया। जिसके बाद उससे बातचीत का सिलसिला चलता रहा। आरोपी युवक ने वेस्टन यूनियन फाइनेंसियल सर्विस पोस्ट बॉक्स 7030 ईगल वुड कालोरेडो पर डालर 19,608 करीब 11 लाख 85 हजार रुपये के नंबर की स्लिप भेजी। इस दौरान शातिर ने इमरजेंसी बताकर दो लाख रुपये मांग लिए। जिसे एक मुंबई ब्रांच के एक खाते में डालने को कहा। रमेश कुमार ने अपने बेटे को खाता नंबर साझा कर उसमें एक लाख रुपये ट्रांसफर करने को कहा। इसके बाद शातिर द्वारा रमेश कुमार के पास और रुपये मांगने की कॉल आने लगी। जिससे उन्हें शक हुआ और उन्होंने गुरताज को फोन कर पूछा तो गुरताज ने बताया कि उसने उनसे ऐसी कोई डिमांड नहीं की। तब उन्हें अपने साथ हुई एक लाख रुपये की ठगी का पता चला।