Ambala News: मुस्लिम युवक ने हिंदू लड़की से किया निकाह, फिर तीन तलाक बोलकर छोड़ भागा
महिला को दहेज के लिए प्रताड़ित करना, पीटना और जबरन मांस खिलाने का भी आरोप है। इसपर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
विस्तार
हरियाणा के अंबाला में बिहार निवासी मुस्लिम युवक ने एक हिंदू लड़की से निकाह कर लिया। इसके बाद युवक व उसके पिता ने ससुरालजनों से बार-बार रुपये मांगने शुरू कर दिए। लड़की के पिता ने युवक की अंबाला में बाइक मैकेनिक की दुकान भी खुलवाई, मगर फिर भी युवक को संतोष नहीं हुआ।
इसके बाद गर्भवती विवाहिता ने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद भी आरोपी पीड़िता को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। यहां तक कि जबरन मांस भी खिलाने की कोशिश की। अब आरोपी पत्नी को तीन तलाक कहकर अपने गांव भाग गया। इस मामले की शिकायत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समक्ष पहुंची।
इसके बाद पीड़िता रोशनी की शिकायत पर महेश नगर थाना पुलिस ने मामले में संगठित अपराध करने, दहेज उत्पीड़न, अमानत में खयानत, जान से मारने की धमकी व मारपीट के मामले में साहिल, सहविर हुसैन, रहीम के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टांगरी नदी स्थित कॉलोनी निवासी रोशनी के पिता मुन्ना ने बताया कि उसकी तीन बेटियां हैं। हमेशा से एक पुत्र की चाह रही। ऐसे में कुछ समय पहले बिहार के जिला गया में गांव सरघाटी हेमजापुर से साहिल नाम का लड़का उनके घर के पास रहने लगा। कुछ दिन में परिचय बढ़ाया और कहने लगा कि वह बेटे की तरह रहेगा।
ऐसे में साहिल का घर में आना जाना शुरू हो गया। इसके बाद साहिल को काम पर लगवा दिया। कुछ दिन बाद साहिल ने बेटी रोशनी से निकाह करने की इच्छा जताई। युवक का व्यवहार अच्छा था ऐसे से उसने बेटी का निकाह साहिल के साथ करा दिया। कुछ दिन तो सब ठीक चला। इस दौरान उसने 50 हजार रुपये लगाकर दामाद की बाइक रिपेयरिंग की दुकान टांगरी के पास खुलवाई। दुकान अच्छी चलने लगी। फिर एक दिन साहिल ने अपने गांव में पिता द्वारा लिया कर्जा उतारने के लिए दो लाख रुपये मांगे। उसने दे दिए।
इसके बाद फिर पांच लाख रुपये मांगे जो नहीं दिए। बस यहीं से साहिल पत्नी रोशनी को परेशान करने लगा। उसे मारने पीटने लगा और यहां तक कि जबरन मांस भी खिलाया। फिर एक दिन तीन तलाक बोलकर अपने गांव चला गया। गांव जाने के बाद गांव से लिखित रूप से तीन तलाक का कागज भेज दिया। अब आरोपी से रोशनी को एक बेटी है और वह आठ महीने से बिल्कुल भी अपने परिवार के संपर्क में नहीं है। ऐसे में परिवार ने महेश नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़िता के पिता ने बताया कि आरोपी साहिल पर अपने गांव में मुहर्रम के जुलूस में हथियार लहराने पर भी केस दर्ज है।