54वीं हरियाणा स्टेट सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप 2021 का मंगलवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन फाइनल मुकाबलों में बैडमिंटन मेन्स सिंगल में कार्तिक जिंदल ने अनंत शिवान को हराया। इसी प्रकार बैडमिंटन मेन्स डबल्स में अक्षित व हार्दिक ने दीपक व केतन चहल को पराजित किया। वूमेन बैडमिंटन सिंगल में अनुपमा ने देविका सिहाग, डबल्स में देविका सिहाग व रिद्घि कौर टूर ने पलक अरोड़ा व उन्नति हुड्डा को मात दी। बैडमिंटन मिक्सड डबल्स में अक्षित महाजन व रिद्धि कौर टूर ने सोहित व निक्की को हराया।
समापन समारोह में जन स्वास्थ्य विभाग एवं सिंचाई विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव व अध्यक्ष हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन देवेंद्र सिंह ने विजेता खिलाड़ियों के मेडल दिए। समापन समारोह सुभाष पार्क के नजदीक ले. मुकेश आनंद मेमोरियल स्पोर्ट्स कांपलेक्स में हुआ। अंबाला एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रतियोगिता में हरियाणा के दूर-दराज से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी राजेश कुमार, कोषाध्यक्ष आरके शर्मा, सदस्य ललित आनंद, राकेश कुमार, सुमेश शर्मा, एसबी सहगल, एथलेटिक कोच सुधा आदि मौजूद रहे।