संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। टोबा गांव के सात वर्षीय अविराज का उपचार चंडीगढ़ के 32 सेक्टर स्थित जीएमसीएच में चल रहा है। पांच दिन बीत जाने के बाद भी डाक्टरों ने अभी आपरेशन नहीं किया है, अभी अविराज को सिर के घाव सुखाने के लिए टीके लगाए जा रहे हैं और सिर पर मरहम-पट्टी की जा रही है। बच्चे की उम्र को देखते हुए डाक्टर किसी प्रकार का कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते। अविराज की मां नेहा ने बताया कि डाक्टर लगातार अविराज की निगरानी कर रहे हैं। एक दिन छोड़कर उसके सिर की पट्टी हो रही है, अभी अविराज के ऑपरेशन में दो से तीन सप्ताह का समय लगेगा।
29 जुलाई को 10 आवारा कुत्तों ने किया था हमला : 29 जुलाई को 10 आवारा कुत्तों के एक झुंड ने गली में खेल रहे सात वर्षीय अविराज पर हमला किया था। पहले उसके शरीर के कई हिस्सों पर काटा, जब अविराज जान बचाने के लिए खेतों की तरफ दौड़ा तो कुत्तों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। कपड़े नोंचकर अविराज को कुत्तों ने नीचे गिरा लिया था और फिर कुत्तों के झुंड ने बच्चे पर हमला करके उसके सिर की आधी खाल को नोंच डाला था। संवाद