अंबाला। दैनिक यात्री सेवा संघ के एक शिष्टमंडल ने दैनिक यात्रियों की समस्याओं को लेकर शनिवार को रेलवे स्टेशन छावनी के स्टेशन निदेशक कार्यालय में अपना मांग पत्र सौंपा। इसमें रेलवे विभाग से आग्रह किया गया कि पहले की तरह सुबह की पैसेंजर ट्रेन अंबाला छावनी से चंडीगढ़ नंगल डैम जिसे करोना काल में बंद कर दिया गया था, उसे दोबारा चलाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया है कि चंडीगढ़ जाने वाले सैकड़ों प्राइवेट तथा सरकारी कर्मचारियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मेल एक्सप्रेस ट्रेनों में पास होल्डर दैनिक यात्रियों को चेकिंग स्टाफ द्वारा परेशान किया जाता है और उनसे सफर करने पर जुर्माना वसूला जाता है तथा उनकी एमएसटी की सुविधा को अमान्य माना जाता है। शिष्टमंडल द्वारा रेलवे से यह अनुरोध किया गया कि पुरानी रेल व्यवस्था को पुन: बहाल किया जाए। सुबह तथा शाम को अंबाला-चंडीगढ़ पैसेंजर ट्रेन रेलवे सेवा दोबारा शुरू की जाए। इस अवसर पर प्रधान, कृष्ण अवतार सूरी के साथ मुख्य रूप से मेवा सिंह, रामचंद्र, नरेंद्र वर्मा, सुरेंद्र सिंह ढींगरा, केशव कनौजिया, कुलदीप सिंह, विनय बावा, मास्टर जगदीश आदि मौजूद रहे।