कलेक्टर साहब पत्नी को मारकर खुद भी मर रहा हूं, बच्चे अब आपके हवाले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव कलाल माजरी में रहने वाले राज मिस्त्री ने पत्नी के अवैध संबंध की वजह से पहले तो टेलीफोन की तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी, फिर खुद सिटी के रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने इस वारदात के दौरान एक सुसाइड नोट कलेक्टर के नाम भी छोड़ा है, जिसे राजकीय रेलवे पुलिस ने अपने अधीन ले लिया है। इसी सुसाइड नोट में खुलासा हुआ है कि मरने वाला पड़ौस के एक युवक की हरकतों से बहुत ज्यादा परेशान था, जिस वजह से उसे ये दर्दनाक कदम उठाना पड़ा। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, सिटी की कोतवाली पुलिस फिलहाल इस मामले को निपटाने की कार्रवाई कर रही है। लिहाजा इस मामले में अब आगामी कार्रवाई जीआरपी करेगी।
ऐसे हुई वारदात मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी का रहने वाला राज मिस्त्री विश्वनाथ परिवार के साथ कई वर्ष से कलाल माजरी में रहता था। पड़ौसी युवक की वजह से पति कई दिनों से बहुत ज्यादा परेशान था। इसी परेशानी को लेकर उसकी कई बार पत्नी ने भी बहस हुई। लेकिन पत्नी बार-बार पड़ौसी की बच्चों को मार देने की धमकी देने का हवाला देती हुई पति के सामने अपनी बेबसी जाहिर करती रही। लेकिन जब मामला और मृतक की परेशानी गंभीर होती गई तो मृतक राजमिस्त्री ने बहुत दर्दनाक कदम उठाने का फैसला लिया। रविवार को मृतक के तीनों बेटों जब घर से बाहर किसी काम को गए हुए थे, तो उसने एक टेलीफोन की तार से अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या की और फिर बदहवासी में एक सुसाइड नोट तैयार कर खुद भी सिटी रेलवे स्टेशन की ओर चल दिया। वहां राजमिस्त्री ने एक ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला भी समाप्त कर ली। जीआरपी ने जब उसका शव कब्जे में लिया तो उसके पास से मिले सुसाइड नोट ने सारा खुलासा कर दिया। उधर, बच्चों के घर लौटने पर जब उन्होंने अपनी मम्मी का शव देखा तो वे हैरान रह गए। उन्होंने अपने पिता को भी ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन वे भी नहीं मिले। उसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई, मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लिया और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
ये लिखा सुसाइड नोट में सेवा में, निवेदन है कि मैं बहुत दुख के साथ लिख रहा हूं कि मेरी आत्मा बहुत दुखी हो गई है। मेरे पड़ोस का लड़का मेरा जीवन दुश्वार कर रहा है। आठ-नौ महीने से हमें परेशान कर रहा है। हमारे घर में रोज झांकता है। इसलिए मना करने पर कई बार ईंट और पत्थर मारता है। एक बार चौकी में भी केस चला गया था, फिर भी बाज नहीं आता है। हमारी पत्नी को डरा व धमकाता है कि तुमने मेरी बात नहीं मानी तो तेरे बच्चों को जान से मार दूंगा। मेरी पत्नी डर की वजह से उसके चुंगल में फंस गई है। उसके साथ गलत संबंध बना रखा है। डर के मारे पत्नी उसका कहना मानती है। जब चाहे उसे बुलाकर गलत संबंध बनाता है। अगर वह जाने से मना करती है तो कहता है कि तेरे लड़के को मार दूंगा। इसी डर की वजह से जहां वह उसे ले जाता है, वो चली जाती है। कलेक्टर साहब में बहुत दुख के साथ आपको खत लिख रहा हूं कि हमें उसने कहीं का नहीं रखा है, इसलिए मैं अपनी पत्नी को जान से मार रहा हूं और खुद मैं भी अपनी जिंदगी खत्म कर रहा हूं। इसलिए मेरे बच्चों की जिंदगी अब आपके हाथ में हैं, आगे आप चाहो तो उन्हें इंसान बना देना या चाहे मार देना। आगे आपकी मर्जी है। मेरा नाम विश्वनाथ राज मिस्त्री...आरोपी व उसके पिता का नाम भी सुसाइड नोट में लिखा गया है...मोहल्ला कलाल माजरी।
पुलिस गंभीर होती तो टल सकती थी वारदात सुसाइड नोट के मुताबिक मृतक राजमिस्त्री पड़ौसी युवक की हरकतों से आठ-नौ महीनों से परेशान था। युवक उसकी पत्नी को डरा-धमकाकर उससे अवैध संबंध बनाता था। मृतक जब-जब युवक का विरोध करता था तो पड़ोसी युवक उन पर ईंट और पत्थर बरसाता था। जिसके बाद मृतक ने इसकी शिकायत इलाके की पुलिस चौकी में भी की। लेकिन पुलिस ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते पड़ोसी युवक के हौसले बुलंद रहे। लेकिन तभी इलाका पुलिस यदि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पड़ौसी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती, तो तभी न केवल उस युवक पर लगाम कसा जा सकता था, बल्कि पुलिस मृतक दंपत्ति को भी आरोपी पड़ौसी युवक के चुंगल व बच्चों को मारने की धमकी देकर बनाए जा रहे दबाव से भी छुटकारा दिलवा सकती थी। जबकि मृतक राजमिस्त्री भी यही चाहता था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और इसका दर्दनाक अंजाम आज सभी के सामने आ गया। पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई संजय ने बताया कि ये मामला उनके कार्यभार संभालने से पहले का है। इसलिए वे नहीं बता सकते कि पहले इस मामले में क्या कार्रवाई हुई? अब पुलिस इस मामले में जरूरी कार्रवाई कर रही है, बाकी केस जीआरपी देखेगी।
कलाल माजरी में सनसनी का माहौल इस वारदात के बाद मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई। कलाल माजरी में सनसनी का माहौल बन गया। इस खबर से पूरे इलाकावासी हैरान थे। पुलिस ने भी घर को अपने कब्जे में लेकर वहां से जरूरी सुराग जुटाए। जबकि पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। उधर, मृतक दंपत्ति के बच्चे भी रोते-बिलखते रहे। जबकि बड़ा भाई अपने दोनों छोटे भाइयों को ढांढस बांधता दिखाई दिया।
पुलिस ने महिला का शव कब्जे में ले लिया है, लेकिन चूंकि महिला की हत्या करने वाला आरोपी पति ने भी खुद आत्महत्या कर ली है, इसलिए सिविल पुलिस इस मामले में जरूरी कार्रवाई करके केस निपटा देगी। -रजनीश यादव, स्टेशन हाउस अफसर, थाना कोतवाली
मृतक के जेब में से जो सुसाइड नोट मिला है, उसे कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के परिजनों का इंतजार किया जा रहा है, उनके आते ही इस मामले में सुसाइड नोट में लिखे आरोपी पड़ौसी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया जाएगा। -बृजपाल राणा, प्रभारी, राजकीय रेलवे पुलिस, अंबाला