संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी स्थित एक निजी अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ, बाल चिकित्सक और ओंको सर्जन की टीम ने एक 4 वर्षीय बच्ची की बाजू में बोन ट्यूमर की पहचान की। प्रारंभिक जांच और निदान के बाद बच्ची को कीमोथेरेपी दी गई। उपचार प्रक्रिया के अगले चरण में शनिवार को बच्ची की बोन ट्यूमर की सर्जरी की गई।
इस सर्जरी के दौरान हड्डी के प्रभावित हिस्से को निकाल कर उपचार के लिए अंबाला छावनी स्थित अटल कैंसर केयर सेंटर, नागरिक अस्पताल में भेजा गया, इसके बाद अटल कैंसर केयर सेंटर के वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास गुप्ता और उनकी रेडियोथेरेपी टीम ने हड्डी के संक्रमित भाग को विशेष प्रक्रिया के तहत एक्स्ट्राकॉर्पोरियल रेडियोथेरेपी देकर उसमें मौजूद कैंसर कोशिकाओं को नष्ट किया। यह उपचार तकनीक बेहद जटिल थी, जिसे डॉ. गुप्ता ने पूरी कुशलता और अनुभव के साथ सफलतापूर्वक अंजाम दिया। डॉ. विकास गुप्ता ने बताया कि इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य बच्ची की स्वयं की हड्डी को ही उपचार के बाद दोबारा प्रत्यारोपित करना था, जिससे बच्चा भविष्य में सामान्य जीवन जी सके। नागरिक अस्पताल की प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर डॉ. पूजा पेंटल ने कहा कि इस तरह के जटिल मामलों में जिस प्रकार हमारी टीम ने कार्य किया है वह अत्यंत सराहनीय है।