{"_id":"53-46089","slug":"Ambala-46089-53","type":"story","status":"publish","title_hn":"एसीपी के आश्वासन के बाद टला जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एसीपी के आश्वासन के बाद टला जाम
Ambala
Updated Mon, 19 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
अंबाला/मुलाना। सुल्तानपुर के लैब टेक्नीशियन सुमित हत्याकांड में पुलिस किसी भी आरोपी को काबू नहीं कर पाई है। इसको लेकर युवक के परिजन और अन्य ग्रामीणों में रोष है। युवक की पीजीआई में मौत हो जाने के बाद ग्रामीणों ने शनिवार शाम को थाने पर प्रदर्शन के दौरान ऐलान किया था कि जब तक हत्या आरोपी पकड़े नहीं जाते, तब तक युवक का दाह संस्कार नहीं किया जाएगा और वे जगाधरी हाईवे जाम करेंगे। मगर एसीपी के आश्वासन और समझाने के बाद फिलहाल ग्रामीण शांत हो गए और रविवार रात आठ बजे हंगामे और जाम का कार्यक्रम छोड़ ग्रामीणों ने मृतक युवक का दाह संस्कार कर दिया। नौ नवंबर को धीन के एक कालेज में कार्यरत सुल्तानपुर निवासी सुमित को करनाल के श्रवण ने गोली मार दी थी और इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। इस वारदात में घायल सुमित को इलाज के लिए गाबा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पीजाआई रेफर कर दिया गया। घटना से आठ दिन के बाद शनिवार दोपहर को पीड़ित ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजनों ने शनिवार शाम को थाना मुलाना में प्रदर्शन कर रविवार शाम तक यदि हत्यारोपियोें की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया था। चेतावनी के बाद पुलिस सुबह से ही क्षेत्र में सक्रिय रही। खुद एसीपी ने पहले तो इस में शोक जताया और परिजनों को समझाया कि वे ऐसा कोई कदम नहीं उठाए, हत्या के आरोपियों की तलाश जारी है, उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ग्रामीणों ने एसीपी को कहा कि पुलिस चाहती तो जल्द आरोपियों को पकड़ सकती थी लेकिन पुलिस ने जानबूझकर ढिलाई बरती। एसीपी ने लोगों की बात सुनी और जल्द इस मामले में संलिप्त आरोपियों को पकड़े जाने का आश्वासन दिया। एसीपी के आश्वासन के बाद मृतक के परिजन अपने घर चले गए। उसके बाद पीजीआई से आए सुमित के शव का देर शाम सुल्तानपुर गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, थाना मुलाना प्रभारी रणधीर सिंह के अनुसार अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, कुछ लोग इस मामले में गांव के ही कुछ युवाओं का हाथ बता रहे हैं, वे उनकी शिकायत देंगे। जो इस हत्या के मामले में दोषी होगा, उसे जल्द काबू कर लिया जाएगा।
विज्ञापन