रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 11 लाख रुपये की ठगी हो गई। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक को भेजी शिकायत में कलालटी निवासी प्रशांत वालिया ने बताया कि अक्टूबर 2017 में उनके घर आरोपी राहुल आया और उसे रेलवे में टिकट निरीक्षक लगवाने का वायदा किया। साथ ही कहा कि इसके लिए 12 लाख रुपये लगेंगे। उन्होंने इतने पैसे देने में असमर्थता प्रकट की तो राहुल ने उनसे 11 लाख रुपये की मांग की। राहुल ने आधे पैसे पहले और आधे रुपये नौकरी लगने के बाद देने को कहा। उन्होंने 4.80 लाख रुपये नकद और उसके कुछ दिन बाद बीस हजार रुपये दे दिए। जब काफी समय बाद भी नौकरी की बात नहीं हुई तो उन्होंने आरोपी से रुपये वापस करने की मांग की।
मगर, आरोपी ने ज्वाइन करने के लिए कहकर दिल्ली रेलवे स्टेशन भेज दिया। साथ ही उसे ज्वाइनिंग लेटर भी दे दिया। इसके लिए आरोपी ने शेष रुपये देने की बात कही। इसके बाद रुपये देने में देरी होने पर बुकिंग क्लर्क की नौकरी का पत्र दिलवाने की बात कही। इसके लिए आरोपी ने उसे लखनऊ रेलवे स्टेशन भेज दिया। जहां उसे बुकिंग क्लर्क का ज्वाइनिंग लेटर दे दिया। जब वह वापस आया तो उन्होंने आरोपी को बकाया राशी दे दी। मगर, उसके बाद से लेकर अभी तक उनकी ज्वाइनिंग नहीं करवाई गई है। वहीं जब उन्होंने जांच करवाई तो पता चला कि सब दस्तावेज नकली थे। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।