Gorakhpur Pollution: वायु प्रदूषण पर अफसर हुए गंभीर, अब बदलेगी थोड़ी तस्वीर
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि शहर में वायु प्रदूषण रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई के संबंध में सभी विभागों को पत्र भेजा गया है। शासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन कराया जाएगा।
विस्तार
कोर्ट की सख्ती पर दिल्ली सरकार ने प्रदूषण पर कड़े फैसले लिए और इधर बीते कई दिनों से शहर पर छाई धुंध की चादर को लेकर बेपरवाही बरत रहे अफसरों की निद्रा भी आखिरकार टूट गई। अमर उजाला ने शहर में वायु प्रदूषण को लेकर सजग करती खबरों का लगातार प्रकाशन किया तो अफसर हरकत में आए। परिणाम यह रहा कि निर्माण कार्य वाले कई स्थानों पर बुधवार को पानी का छिड़काव किया गया ताकि उड़ रही धूल, धुंध को और गहरी न करे। कई जगहों पर बचाव के लिए हरे रंग की टाट-पट्टी भी लगा दी गई है। इससे हालात थोड़े काबू होने के लायक बने हैं।
अधिकारियों का कहना है कि वायु प्रदूषण कम करने के लिए सभी उपाय अपनाए जा रहे हैं। बुधवार को बीते पांच दिनों की अपेक्षा शहर में एक्यूआई 163 दर्ज की गई। यह भी थोड़ी राहत वाली खबर है।
शहर में जगह-जगह निर्माण कार्य चल रहे हैं। इनमें पैडलेगंज से नौसड़ तक सिक्सलेन रोड बन रहा है। टीपीनगर से देवरिया बाईपास तक सिक्सलेन फ्लाईओवर, देवरिया बाईपास से जंगल सिकरी तक देवरिया बाईपास रोड, तारामंडल क्षेत्र में नया सवेरा से लेकर देवरिया बाईपास रोड और फोरलेन, पैडलेगंज से लेकर फिराक गोरखपुरी चौराहे तक फोरलेन, कौआबाग जेल बाईपास से लेकर बरगदवां तिराहे तक फोरलेन सहित अन्य निर्माण कार्य चल रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: घर में घुसकर युवती से छेड़खानी, जान से मारने की धमकी
इन जगहों पर उड़ने वाली धूल की वजह से लोगों को राह चलने में मुश्किल आ रही थी। उधर शहर में हवा की गुणवत्ता भी खराब होने लगी। इस संंबंंध में अमर उजाला ने बीते कई दिनों से लगातार खबरें प्रकाशित कीं। इसको संज्ञान में लेते हुए कार्यदायी संस्थाओं की ओर से धूल को नियंत्रित करने के उपाय किए गए।
बुधवार की दोपहर 12.16 बजे सिक्सलेन रोड पर देवरिया बाईपास के पास मिट्टी पर गिट्टी बिछाई गई। यहां वाहनों के गुजरने पर धूल न उड़े, इसलिए पानी का छिड़काव कराया गया था। इससे वाहनों के आने-जाने के दौरान बेहद ही कम धूल उड़ रही थी। यहां तैनात यातायात पुलिसकर्मियों ने बताया कि पहले तिराहे पर खड़ा होना मुश्किल था। लेकिन अब काफी राहत मिली है।
इसे भी पढ़ें: नशे में धुत कार सवारों ने मारी टक्कर, युवक का पैर कटकर 20 फीट दूर जा गिरा
इसके अलावा तारामंडल क्षेत्र में बन रहे फोरलेन के किनारे हरे रंग की टाट-पट्टी लगाई गई है। यहां कार्यदायी संस्था की ओर से पानी का छिड़काव भी कराया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने कहा कि कार्यदायी संस्थाओं को इस संबंध में चेतावनी दी गई है। यदि लापरवाही मिली तो कार्रवाई होगी।
बेहतर हुआ वायु गुणवत्ता सूचकांक
इसे भी पढ़ें: आपत्तिजनक हालत में मिला युवक, टोका तो पीआरडी जवान को किया लहूलुहान
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि गोरखपुर शहर में वायु प्रदूषण रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई के संबंध में सभी विभागों को पत्र भेजा गया है। शासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन कराया जाएगा।