Vaccination: गोरखपुर में ढाई लाख अवयस्कों को लगेगा कोरोनारोधी टीका, इन्हें पहले लगेगी बूस्टर डोज
गोरखपुर में 3.87 लाख लोगों को बूस्टर डोज लगेगी। इनमें 32861 स्वास्थ्यकर्मी और फ्रंटलाइन वर्कर शामिल हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में नए साल में जिले के ढाई लाख अवयस्कों को कोरोनारोधी टीके की पहली डोज लगाई जाएगी। वहीं 3.87 लाख लोगों को टीके की बूस्टर डोज (तीसरी डोज) के लिए चिह्नित किया गया है। इनमें 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग और 32861 स्वास्थ्यकर्मी और फ्रंटलाइन वर्कर शामिल हैं।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग 31 दिसंबर तक सूची तैयार करने में जुट गया है। सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दूबे ने बताया कि सूची लगभग तैयार है। बचे हुए जो लोग हैं, उन्हें टीकाकरण योजना से जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे ने बताया कि प्रधानमंत्री का 15 से 18 वर्ष तक के अवयस्कों को टीका लगाने का यह फैसला सही समय पर आया है। जनवरी और फरवरी के बीच कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका विशेषज्ञ जता रहे हैं। इसमें बच्चों को खतरा ज्यादा है। ऐसे में सही समय पर टीकाकरण का फैसला लिया गया है।
बताया कि 32861 स्वास्थ्यकर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर, 60 वर्ष से ऊपर 3.50 लाख लोगों को बूस्टर डोज लगाई जाएगी। बताया कि करीब तीन लाख बुजुर्ग ऐसे हैं, जिन्हें कोविड का टीका लगाया जा चुका है। 50 हजार के आसपास ऐसे बुजुर्ग हैं, जिन्हें अब तक टीके की कोई डोज नहीं लगाई गई है। टीकाकरण अभियान में यह बुजुर्ग प्राथमिकता में शामिल हैं।
नए साल में मिलेगी एक और वैक्सीन
सीएमओ ने बताया कि जिले को नए साल में एक और वैक्सीन जायकोव-डी भी मिलेगी। यह टीका पूरी तरह से दर्द रहित होगा। इस टीके की तीन लाख डोज जिले को मिलने वाली है, जो एक लाख लोगों को लगाई जाएगी। इस टीके की तीन डोज लगनी है। पहली डोज लगने के बाद 28 दिन का अंतर रहेगा।
उन्होंने बताया कि जिले में करीब साढ़े आठ लाख लोग ऐसे हैं, जिन्हें टीके की एक भी डोज नहीं लगी है। ऐसे लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि बूथों पर पहुंचकर टीका जरूर लगवाएं।