Gorakhpur News: बाइक की किस्त भरने के लिए दोस्त संग की थी चोरी, CCTV की मदद से पकड़े गए चोर
कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से मोबाइल फोन चोर को पकड़ लिया। एसपी सिटी ने बताया कि एक मार्च को जीआरडी गेट निवासी व प्राइवेट बैंक के सहायक प्रबंधक हिमांशु गुप्ता पत्नी को लेकर महिला अस्पताल गए थे।
विस्तार
गोरखपुर जिले में तिवारीपुर इलाके के डोमिनगढ़ के शुभम मेडिकल केयर क्लीनिक में मालिक के कार चालक ने ही अपने दोस्त के साथ चोरी की थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बाइक की किस्त भरने के लिए चोरी की थी।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 83 हजार रुपये और एक पेचकस बरामद किया गया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
आरोपियों की पहचान तिवारीपुर के डोमिनगढ़ निवासी सूरज यादव और प्रिंस कुमार दुबे के रूप में हुई है। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पुलिस लाइंस में प्रेस कांफ्रेंस कर पकड़े गए बदमाशों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्लीनिक में 22 फरवरी की रात चोरी हुई थी।
चोर एक लाख एक हजार रुपये चोरी किए थे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की तो घटनास्थल वाले रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से चोरों की पहचान कर ली गई। बृहस्पतिवार को थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की रकम बरामद कर ली।
एसपी सिटी ने बताया कि सूरज क्लीनिक के मालिक का चालक है और उसे बाइक की 35 हजार रुपये किस्त भरनी थी, इसी लिए चोरी की थी। दोनों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।
कैमरे की मदद से मोबाइल चोर पकड़ा गया
कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को सीसीटीवी कैमरे की मदद से मोबाइल फोन चोर को पकड़ लिया। एसपी सिटी ने बताया कि एक मार्च को जीआरडी गेट निवासी व प्राइवेट बैंक के सहायक प्रबंधक हिमांशु गुप्ता पत्नी को लेकर महिला अस्पताल गए थे।
वह इलाज कराने में व्यस्त थे, इसी दौरान उनकी 80 हजार रुपये कीमत के मोबाइल फोन को किसी ने चुरा लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे की मदद से चोर को पकड़कर मोबाइल फोन बरामद कर लिया। आरोपी की पहचान गोरखनाथ के हुमायूंपुर निवासी आसिफ के रूप में हुई है।