सात साल सहती रही: शादी के वादे पर जिस्म से खेलता रहा युवक, घर में पत्नी की तरह रखा भी; मां ने भी दिया उसका साथ
युवक ने युवती से सात साल तक शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया, पैसे व गहने लिए। अब दूसरी जगह शादी तय कर धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज किया।
विस्तार
हरियाणा के पलवल के हसनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शादी का झांसा देकर युवती के साथ वर्षों तक शारीरिक शोषण करने और फिर उसे धोखा देकर दूसरी जगह शादी तय करने का एक मामला सामने आया है। हसनपुर थाना पुलिस ने फरीदाबाद की रहने वाली एक युवती की शिकायत पर युवक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले में पीड़ित युवती ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह पुष्पेन्द्र अत्री के साथ पिछले सात वर्षों से रिलेशनशिप में थी। आरोपी ने उसे शादी का सपना दिखाया और वर्ष 2019 में उसे अपने गांव ले गया, जहां पहली बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने आरोप लगाया कि वह करीब छह महीने तक आरोपी के घर पर उसकी मां और स्वजन के साथ रही, जहां उसे बहू कहकर पुकारा जाता था।
शिकायत के अनुसार, दोनों करीब एक साल तक पलवल और फिर एक साल तक फरीदाबाद में किराए के मकान में साथ रहे। इस दौरान आरोपी लगातार शादी का वादा करता रहा। पीड़ित का आरोप है कि पुष्पेन्द्र ने उससे पैसे मांगे और पैसे न होने पर उसने अपने डेढ़ तोला के सोने के कुंडल और एक तोला की अंगूठी उसे दे दिए, जो आरोपित ने अब तक वापस नहीं किए।
युवती ने बताया कि कुछ समय पहले पुष्पेन्द्र ने उसे सभी इंटरनेट मीडिया और कॉल से ब्लॉक कर दिया। जब उसे शक हुआ, तो उसने आरोपी के जीजा से संपर्क किया, जहां से उसे पता चला कि पुष्पेन्द्र अब कहीं और शादी कर रहा है। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।