गोरखपुर: सिर में चोट से हुई थी शिल्पी की मौत, गुत्थी उलझी
शिल्पी के पिता ने अपनी बहू और उसके घरवालों पर आरोप लगाया है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोप लगाने वाले पिता की बहू ने उनके और परिजनों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। यही वजह है कि पुलिस इसे क्रास केस होने से जोड़कर भी देख रही है। फिलहाल, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
विस्तार
गोरखपुर जिले के कैंट इलाके के कूड़ाघाट में सैनिक की पत्नी शिल्पी की मौत सिर में चोट से हुई थी। इसकी पुष्टि सोमवार देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुई है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की गुत्थी और उलझ गई है। सिर में चोट ऊपरी मंजिल से गिरने से लगी या फिर वजह कुछ और है। पुलिस इसकी गहनता से जांच कर रही है। वैसे, पुलिस शुरुआती जांच और साक्ष्यों के आधार पर इसे हादसा ही मान रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, मृतका के पिता ने बहू और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर शाम शिल्पी के शव का मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। पूरे पोस्टमार्टम के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई है। दरअसल, गोवा में तैनात सेना के जवान उमेश शर्मा की पत्नी शिल्पी की शनिवार रात संदिग्ध हाल में मौत हुई है। सोमवार सुबह उमेश गोरखपुर पहुंचे। परिजन व रिश्तेदारों से घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस अधिकारियों से उन्होंने फोन पर बात की।
उमेश का आरोप है कि बंगलुरु में रहने वाले साले अंगद का उसकी पत्नी काजल से विवाद चल रहा है। काजल ने ही अपने परिजन, मित्र और मकान मालिक की मदद से शिल्पी की हत्या करा दी है। साजिश के तहत हत्या को हादसे का रूप दिया जा रहा है। मामले की छानबीन कर रही है। कैंट थाना पुलिस आवास विकास कालोनी की तरफ जाने वाले रास्ते पर लगे सीसी कैमरे की फुटेज देखी है। सोमवार की सुबह बंगलुरु से अंगद भी गोरखपुर पहुंच गया। गुत्थी को सुलझाने के लिए सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है।
शिल्पी के भाई ने दर्ज कराया है केस
इस पूरे मामले में शिल्पी के पिता ने अपनी बहू और उसके घरवालों पर आरोप लगाया है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोप लगाने वाले पिता की बहू ने उनके और परिजनों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। यही वजह है कि पुलिस इसे क्रास केस होने से जोड़कर भी देख रही है। फिलहाल, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
इन वजहों से हादसा मान रही पुलिस
- शरीर पर झुलसने के निशान, घर की बालकनी के बगल से गुजरे हैं बिजली के तार
- शरीर पर चोट, घर के पास ही नीचे गिरी मिली थी महिला
- घर में सोई दो बेटियों को अगली सुबह मां की मौत की हुई जानकारी
- आसपास के सीसी टीवी कैमरों में भी कोई संदिग्ध नजर नहीं आ रहा
- नीचे रहने वाले किराएदारों ने भी किसी जोर-जबरदस्ती की आवाज नहीं सुनी
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जांच से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।