गोरखपुर में कोरोना की बढ़ती संख्या बनी मुसीबत, शहर के इन इलाकों को किया गया सील
- भालोटिया मार्केट की सात दुकानों समेत शहर के सात इलाके सील
- कोरोना संक्रमित मिलने पर जिला प्रशासन ने सील किए इलाके, तीन से सील हटी
विस्तार
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में बुधवार को बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मिलने की वजह से शहर के भालोटिया मार्केट की सात दुकानों समेत शहर के सात इलाके सील किए गए। दूसरी तरफ तीन इलाकों में तीन हफ्ते से कोई नया संक्रमित न मिलने से उन्हें खोल दिया गया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि कोरोना का एक संक्रमित भालोटिया मार्केट का पाया गया था, जिस पर उसकी इमारत के दाहिने तरफ की तीन और बाएं तरफ की तीन समेत सात दुकानें सील कर दी गई हैं।
इसी तरह कैंट थाना क्षेत्र की चारूचन्द्रपुरी कालोनी, रामगढ़ताल थाना क्षेत्र का भगत चौराहा, कोतवाली थाना क्षेत्र का मियां बाजार, खोराबार थाना क्षेत्र का लहसड़ी, राजघाट थाना क्षेत्र का तुर्कमानपुर तथा गोरखनाथ थाना क्षेत्र जटेपुर उत्तरी (मंशाबाग कॉलोनी) के 250 मीटर परिधि क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन तथा 500 मीटर के परिधि क्षेत्र को बफर जोन मानते हुए उसे सील कर दिया गया है।
इन इलाकों में पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और होम डिलीवरी ब्वॉय को छोड़कर कोई भी आ-जा नहीं सकेगा। सभी दुकानें बंद रहेंगी और लोगों को अपनी जरूरत का सामान ऑन लाइन होम डिलीवरी पोर्टल से मंगाना पड़ेगा।
इसी तरह एक जून को सील किए गए सदर तहसील क्षेत्र के गांव बेलवा रायपुर, जंगल छत्रधारी का टोला महुअवा चाफी, तथा जंगल डुमरी नंबर एक के सेवई टोला में पिछले 21 दिन में कोई कोरोना संक्त्रस्मित नहीं मिलने पर उनकी सील खोल दी गई है। अब इन तीनों इलाकों के लोग आमजन की तरह अपने गांवों से बाहर निकलकर कहीं भी आ-जा सकते हैं।