Nepal Bus Accident: 'सब ठीक था अचानक अब्बा की बस खाई में लुढ़क गई, मैं अब्बू को बचा न सका', फफक पड़ा इब्राहिम
पिता की मौत की खबर सुनकर छोटा बेटा हसनैन रिश्तेदार के साथ नेपाल रवाना हो गया। हसनैन ने बताया कि तीन वर्ष पहले उसके बड़े भाई की डंपर चलाते समय हादसे में मौत हो गई थी, अब पिता ने भी साथ छोड़ दिया।
विस्तार
क्या बताऊं। आगे वाली बस अब्बा चला रहे थे। पीछे वाली मैं। सब कुछ ठीक था कि अचानक अब्बा वाली बस खाई में लुढ़कने लगी। भाईजान! मेरे सामने अब्बा वाली बस गहरी खाई में गिर गई और मैं कुछ नहीं सका। मैं अब्बा और अन्य यात्रियों को बचा न सका।
इब्राहिम ने गोरखपुर में मौजूद अपने भाई हसनैन को नेपाल में हादसे की जानकारी दी तो दोनों फफक पड़े। हादसे में बस चालक पिपराइच के जंगल अहमद अली शाह तुर्रा बाजार निवासी मुर्तजा की मौत हो गई। हादसे वाली बस के ठीक पीछे दूसरी बस इब्राहिम चला रहा था। अपनी आंखों के सामने ही बेबस इब्राहिम पिता की बस को खाई में गिरता देखता रहा। बस रोककर वह चीखने-चिल्लाने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े और राहत बचाव में जुट गए।
पिता की मौत की खबर सुनकर छोटा बेटा हसनैन रिश्तेदार के साथ नेपाल रवाना हो गया। हसनैन ने बताया कि तीन वर्ष पहले उसके बड़े भाई की डंपर चलाते समय हादसे में मौत हो गई थी, अब पिता ने भी साथ छोड़ दिया।
मुर्तजा और उसका बेटा इब्राहिम केशरवानी ट्रेवल्स की बस काफी समय से चलाते थे। अक्सर पिता-पुत्र पर्यटकों को लेकर नेपाल यात्रा पर जाया करते थे। 16 अगस्त को दोनों साथ में अलग-अलग बस लेकर प्रयागराज निकले थे। वहां से 17 को महाराष्ट्र से आए पर्यटकों को बैठाकर कई जगह घूमते हुए नेपाल पहुंचे थे। नेपाल में बस का आठ दिन का परमिट बनवाया था। पर्यटकों को 29 अगस्त को बनारस छोड़कर गोरखपुर वापस आना था। इससे पहले ये हादसा हो गया।
मुर्तुजा के तीन बेटे और दो बेटिया हैं। एक बेटे की तीन वर्ष पहले डंपर चलाते समय पादरी बाजार के पास हादसे में मौत हो गई थी। दोनों बेटियों की अभी शादी नहीं हुई है। मुर्तजा की पत्नी शुगर और बीपी की बीमारी से पीड़ित हैं।
आखिरी बार पत्नी व बेटियों से वीडियो कॉल पर हुई थी बात
मुर्तुजा ने गुरुवार की शाम सात बजेपत्नी और बच्चों से वीडियो कॉल पर बात की थी। बेटियों से उन्होंने पूछा था कि खाना क्या बनाई हो, हमको नहीं खिलाओगी। तब बेटियों ने मां की तबीयत ठीक नहीं होने की जानकारी दी। इस पर मुर्तुजा ने कहा था कि तुम्हारी मां को नेपाल ले जाकर अच्छे डॉक्टर से दिखाएंगे। मां को बच्चों ने घटना की जानकारी नहीं दी है। आसपास के लोगों ने बताया कि मुर्तुजा मिलनसार व्यक्ति थे, गांव के लोगों से उनका अच्छा संबंध था। घटना की जानकारी होने पर घर पर गांव के लोगों की भीड़ जुट गई।