UP News: DDU के विद्यार्थियों को टैबलेट व स्मार्ट फोन का इंतजार, अभ्युदय योजना से वंचित हैं छात्र-छात्राएं
योजना की शुरुआत के बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय से संबंधित महाविद्यालय के छात्रों को तो इसका लाभ मिल रहा है, लेकिन गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य कैंपस के छात्र इससे वंचित हैं। टैबलेट न मिलने पर छात्रों ने कहा कि डेढ़ साल पहले उन्होंने टैबलेट व स्मार्टफोन के लिए फॉर्म भरा था। विश्वविद्यालय की ओर से दो बार इसके लिए फॉर्म भरवाया गया, लेकिन अभी तक नहीं मिला।
विस्तार
प्रदेश सरकार की ओर से अभ्युदय योजना के तहत मिलने वाले टैबलेट व स्मार्टफोन का लाभ गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्रों को नहीं मिला। वह इसका इंतजार कर रहे हैं।
वर्ष 2021 में 25 दिसंबर को लखनऊ के इकाना स्टेडियम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टैबलेट व स्मार्टफोन वितरण की शुरुआत की थी। पहले चरण में जिले के 250 छात्रों को इसका लाभ मिला था, जिसमें से 50 छात्र गोरखपुर विश्वविद्यालय के थे। अन्य छात्र पाॅलिटेक्निक, आईटीआई, दिग्विजयनाथ व सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज के थे।
दुविधा की बात यह है कि योजना की शुरुआत के बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय से संबंधित महाविद्यालय के छात्रों को तो इसका लाभ मिल रहा है, लेकिन गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य कैंपस के छात्र इससे वंचित हैं।
टैबलेट न मिलने पर छात्रों ने कहा कि डेढ़ साल पहले उन्होंने टैबलेट व स्मार्टफोन के लिए फॉर्म भरा था। विश्वविद्यालय की ओर से दो बार इसके लिए फॉर्म भरवाया गया, लेकिन अभी तक नहीं मिला।
गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलसचिव विश्वेश्वर प्रसाद ने कहा कि शासन द्वारा टैबलेट व स्मार्टफोन वितरण करने के लिए कई बार डेटा सत्यापन कर भेज दिया गया था। अंतिम वर्ष के करीब छह हजार विद्यार्थियों को टैबलेट व स्मार्टफोन दिया जाना है। शासन की ओर से जब भी टैबलेट व स्मार्टफोन आवंटित किया जाएगा उसे वितरित किया जाएगा।
क्या बोले छात्र
टैबलेट व स्मार्टफोन मिलने की खबर जब सुनी थी तो बहुत खुशी हुई थी। उम्मीद थी कि जल्द ही हमें भी टैबलेट मिलेगा। लेकिन, अफसोस की बात है कि अब तक नहीं मिला।- रीतिका पांडेय, छात्रा।
जब विश्वविद्यालय की ओर से टैबलेट व स्मार्टफोन को लेकर सूचना जारी हुई तो खुशी हुई थी। लेकिन, दूर के ढ़ोल सुहावने जैसी स्थिति है। विश्वविद्यालय प्रशासन अगर शासन को इसकी सूचना देता तो कोई हल निकलता।- शिवम मिश्रा, छात्र।
प्रदेश सरकार ने कहा था कि विश्वविद्यालय की ओर से योजना के लाभान्वित छात्रों का फॉर्म भरा जाएगा। लेकिन, छात्रों को परेशान किया गया। दो-दो बार फॉर्म भरवाया गया। किंतु कोई लाभ नहीं मिला।-चंदन पांडेय, छात्र।
टैबलेट का इंतजार अब तक है। काफी पहले ही इसका फॉर्म भरा था। धीरे-धीरे उम्मीद खत्म होती जा रही है। शासन व विवि प्रशासन को इस दिशा में जल्द ही कुछ करना चाहिए।- दिव्या, छात्रा।
टैबलेट व स्मार्टफोन मिल जाता तो पढ़ाई थोड़ी आसान हो जाती। मुख्यमंत्री से उम्मीद लगाए बैठे हैं। लगता है कि विद्यार्थियों के हित की किसी को चिंता नहीं है, तभी तो कोई प्रयास नहीं हो रहा है।- पल्लवी चौधरी, छात्रा।
पहले वर्ष में फॉर्म भरा था, अब तृतीय वर्ष में आ गया हूूं। लेकिन, अब तक कुछ नहीं मिला। विश्वविद्यालय की ओर से दो बार इसके लिए फॉर्म भरवाया गया, लेकिन अभी तक नहीं मिला।- दीपक यादव।
इस बार स्कॉलरशिप भी नहीं मिली और न ही टैबलेट का लाभ मिला। विश्वविद्यालय स्तर से अगर प्रयास किया जाए तो बेशक हमें योजना का लाभ मिल सकता है।- सौरभ मिश्रा, छात्र।
महाविद्यालय में पढ़ने वाले मेरे दोस्तों को टैबलेट मिल चुका है। मुझे अब तक नहीं मिला। उम्मीद थी कि विश्वविद्यालय का छात्र हूं तो इसका फायदा जल्द मिलेगा। पर इस बात का अफसोस है।- शिवम पांडेय, छात्र।