गोरखपुर और आसपास की ताजा खबरें रियल टाइम आपके तक पहुंचाने के मकसद से हमने गोरखपुर डिजिटल पर नया कॉलम शुरू किया है। देखें 17 जनवरी की खबरें...
भीगा-भीगा रहा गोरखपुर, शनिवार को भी सताएगी सर्दी
बारिश की वजह से शुक्रवार को कोल्ड डे रहा। अधिकतम तापमान मात्र 16.8 डिग्री तक ही चढ़ सका। वहीं 19 किलोमीटर की रफ्तार से पछुवा हवा चलने से गलन महसूस होती रही। दिन और रात के तापमान में मामूली फर्क रहा। न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को भी ठंड सताएगी। अधिकतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
आज भी हल्की बूंदाबांदी की संभावना
पंजाब से लेकर पूर्वी उत्तरप्रदेश तक कम दबाव का क्षेत्र बनने के साथ एक टर्फ लाइन पूर्वी उत्तरप्रदेश के ऊपर से गुजर रही है। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि इस वजह से गोरखपुर में बारिश हो रही है। इसका असर शनिवार को भी रहेगा। शनिवार को भी बादल छाए रहेंगे। शहर में तो बहुत ही कम, लेकिन गोरखपुर के आसपास के इलाकों पीपीगंज, कैंपियरगंज, महराजगंज, कप्तानगंज आदि इलाकों में दोपहर बाद से ही हल्की बारिश हो सकती है।
20 को फिर दस्तक दे सकता है एक विक्षोभ
कैलाश पांडेय ने बताया कि एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 20 जनवरी की रात में हिमालयी क्षेत्रों के पश्चिमी हिस्सों पर दस्तक दे सकता है। इसकी वजह से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड पर हल्की बारिश हो सकती है।
बारिश की धार में भी नहीं टूटी भक्तों की कतार
2 of 10
मंदिर परिसर में बारिश के बाद भी पहुंचे श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला
गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार को बारिश और ठंड के बीच भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु खिचड़ी चढ़ाने पहुंचे। बारिश थमने के बाद मेले में लगी दुकानें भी गुलजार रहीं। हालांकि ठंड के कारण लोगों ने झूले-चर्खी की ओर कम ही रुख किया।
मंदिर में जहां लोग आस्था की खिचड़ी एक महीने तक चढ़ाते हैं वहीं कुछ लोग केवल मेला करने आते हैं।
इनमें अल्पसंख्यक समुदाय के महिला-पुरुष अधिक होते हैं। वैसे मंदिर से जुड़े लोग कहते हैं कि जो खिचड़ी चढ़ाने आता है वह मेला भी जरूर जाता है। उनमें महिलाओं की संख्या सर्वाधिक होती है। मेले मेें हर तरह की दुकानें लगी हैं। दैनिक उपयोग का सामान बहुत ही सस्ती दरों पर वहां मिल जाता है।
शुक्रवार को क्रॉकरी, सौंदर्य प्रसाधन, बर्तन, लकड़ी के सामनों, चूड़ी सहित अन्य दैनिक उपयोग के सामानों की दुकानों पर बरसात के बाद भी भीड़ थी। मंदिर में सुरक्षा से लेकर सफाई की व्यवस्था मकरसंक्रांति के दिन की ही तरह चाक-चौबंद दिखी।
3 of 10
इन्दिरा नगर शिव मंदिर के पास और दाउदपुर में लगा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
ठंड के मौसम में हुई बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। बरसात का पानी भरने के कारण स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। साथ ही दफ्तर या अन्य जगहों पर आने जाने वाले लोग भी प्रभावित रहे। बरसात के बाद इन्दिरा नगर शिव मंदिर के पास और दाउदपुर में जलजमाव के कारण वाहन चालकों के लिए बारिश आफत बन गई है। जगह- जगह जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
वहीं देर रात शुरू हुई बारिश की वजह से शुक्रवार को कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रही। रुस्तमपुर इलाके के राजीव नगर इलाके में बिजली का खम्बा टूटने की वजह से राजीव नगर और शिव पूरी नई कॉलोनी, मिर्जा पुर समेत आस पास के इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रही। जगन्नाथपुर इलाके में सुबह 8 बजे से लेकर 11 बजे तक आपूर्ति गुल रही। बिजली निगम के कर्मियों ने तकनीकी खामी दूर कर इलाकों में आपूर्ति बहाल की।
रुस्तमपुर के राजीव नगर में पोल के नीचे का हिस्सा पहले से पड़ा था। सुबह 8.30 बजे पोल टूटकर गिर गया, जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। मौके पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने पोल को बदलने का काम शुरू हुआ। पूरे दिन बिजली न होने के कारण कई आसपास के मोहल्लों के लोग काफी परेशान हुए। बिजली निगम के जिम्मेदारों को फोन कर आपूर्ति बहाल होने की जानकारी लेते रहे। एसडीओ रुस्तमपुर प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि पोल टूट गया था। उसे बदलने में समय लगा है। शुक्रवार शाम पांच बजे के करीब आपूर्ति बहाल कर दी गई।
एबीवीपी ने स्वयंसिद्ध 2020 के तहत आयोजित किए कार्यक्रम
4 of 10
रंगोली प्रतियोगिता में भाग लेते प्रतिभागी।
- फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के राष्ट्रीय कला मंच गोरखपुर महानगर की ओर से स्वयंसिद्ध-2020 के तहत रंगोली, पेंटिंग तथा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। डीवीएन पीजी कॉलेज के सभागार में सामान्य ज्ञान की प्रतियोगिता कनिष्ठ व वरिष्ठ दो वर्ग में हुई। इसमें 302 विद्यार्थियों ने भाग लिया जबकि विश्वविद्यालय के कन्वेंशन हॉल में रंगोली में 50 तथा पेंटिंग प्रतियोगिता में 45 विद्यार्थियों ने अपने हुनर दिखाए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष आमंत्रित सदस्य डॉ राजशरण शाही, महानगर उपाध्यक्ष डॉ वेद प्रकाश राय एवं डीवीएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य शैलेंद्र सिंह ने किया। डॉ राजशरण शाही ने परिषद की भूमिका रखते हुए बताया कि बहुत से ऐसे विद्यार्थी संगठन आए और खत्म हो गए लेकिन एबीवीपी 70 वर्षों के बाद भी उतनी ही मजबूती के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि देश पर जब भी कोई संकट आएगा तब हम छात्र धर्म का निर्वहन करते हुए देश की रक्षा करेंगे। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता विरोध भी रचनात्मक तरीके से करते हैं। गुरुकुल संस्थान के डायरेक्टर सूरी ने कहा कि किसी भी प्रतियोगिता का उद्देश्य अंदर छिपी प्रतिभा को बाहर लाना है। कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विद्यार्थी परिषद के कार्यक्रम विद्यार्थियों को हर तरह से परिपक्व करता है। इस अवसर पर ललित कला विभाग के सहायक आचार्य डॉ गौरी शंकर चौहान, कार्यक्रम के संयोजक मयंक राय, सूरज चौहान, विक्रमादित्य सिंह आदि उपस्थित रहे।
मानव श्रृंखला बनाकर दिया न्योता
5 of 10
नागरिक संशोधन अधिनियम के समर्थन में गोरखपुर विद्यालय पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाया
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा की जिला और महानगर इकाई ने शुक्रवार को गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर मानव श्रृंखला बनाकर रैली में आने का न्योता दिया। नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में पोस्टर लहराए गए। महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष सत्यम साहनी और महानगर अध्यक्ष पवन यादव ने कहा कि युवा नए कानून का समर्थन कर रहे हैं।
युवा बड़ी संख्या में रैली में पहुंचेंगे और देशभर को सकारात्मक संदेश देने का काम करेंगे। रितेश सिंह बब्बू, अच्युतानंद शाही, केएम मझवार, अवधेश अग्रहरी, डॉ. विवेकानंद सिंह, अनिल कुमार, अभय शुक्ला, हिमांशु सिंह ने तिरंगे के साथ प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जयकारे लगाए। साथ ही कहा कि राष्ट्रवादी भावना से ओतप्रोत युवा रैली को यादगार बनाने का काम करेंगे।