गोरखपुर: आईएमए का चुनाव आज, 700 मतदाता करेंगे मतदान
सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक होगा मतदान, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी और कोषाध्यक्ष पद के लिए है कांटे की लड़ाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) के जिला कार्यकारिणी का चुनाव रविवार को होगा। पहली बार करीब 700 मतदाता मतदान करेंगे। अध्यक्ष सहित चार पदों पर चुनाव कांटे का है।
चुनाव अधिकारी डॉ एपी गुप्ता ने बताया कि रविवार को मतपत्र के जरिए आईएमए का चुनाव होगा। सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को आईएमए के पदाधिकारी और चुनाव अधिकारियों की टीम ने तैयारियों का जायजा लिया। रविवार को मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक होगा। आईएमए में करीब 1050 सदस्य हैं जिसमें 800 सक्रिय सदस्य हैं। नियमानुसार आईएमए में मतदाता वहीं बन सकता है जिसका सालाना सदस्यता शुल्क जमा हो। प्रत्याशी समर्थक डॉक्टरों का सालाना सदस्यता शुल्क जमा कराकर उन्हें मतदाता बनवा रहे हैं। अब तक करीब 700 सदस्यों का सदस्यता शुल्क जमा हो चुका है। यह आईएमए के इतिहास में सर्वाधिक है। पिछले वर्ष 390 सदस्यों ने ही मतदान में शिरकत की थी।
क्लीनिक बंद कर प्रचार में जुटे रहे डॉक्टर
पहली बार आईएमए के चुनाव को लेकर गहमागहमी ज्यादा है। प्रत्याशी व समर्थक डॉक्टर क्लीनिक बंद कर प्रचार में जुटे हैं। अपनों को रिझाने के लिए डॉक्टर हर तरह के गणित का इस्तेमाल करने में जुट गए हैं। क्लीनिक पर कम समय देकर डॉक्टरों के घरों तक पहुंच रहे हैं। जो अब तक खुद को निर्विरोध मानकर बैठे हुए थे वह लोग भी डॉक्टरों से संपर्क करने में जुटे हुए हैं।
जारी हो रही हैं पैनल की लिस्ट
आईएमए के चुनाव में खेमेबंदी सामने आ गई है। चुनाव में मठाधीशों की तरफ से प्रत्याशियों के नामों का पैनल जारी हो रहा है। अब तक दो पैनल के नाम सामाने आ चुके हैं। शनिवार को फोन और मैसेज के जरिए डॉक्टरों को प्रत्याशियों के पैनलों की जानकारी दी गई। चुनाव से पूर्व प्रत्याशियों के साथ ही उनके समर्थक मठाधीश भी मैदान में उतर गए हैं। अध्यक्ष से लेकर उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और आईएमए मीडिया प्रभारी के पदों की दावेदारी करने वाले प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशी की जीत के लिए जी-जान से जुट गए हैं।
हर पद पर हो रही सीधी टक्कर
चुनाव में सबसे अहम लड़ाई अध्यक्ष पद के लिए है। डॉ शिवशंकर शाही और डॉ मंगलेश श्रीवास्तव के बीच सीधा मुकाबला होने की उम्मीद है। हांलाकि इस पद पर डॉ वीरेन्द्र गुप्ता ने भी पर्चा भरा है। वह मीडिया प्रभारी पद के लिए दावेदारी किए हुए हैं। वह सदस्यों से मीडिया प्रभारी के लिए समर्थन मांग रहे हैं।
उपाध्यक्ष के दो पद के लिए डॉ अमित मिश्रा, डॉ गगन गुप्ता और डॉ तनु वर्मा के बीच मुकाबला हो गया है। कोषाध्यक्ष पद के लिए डॉ अजय शुक्ला और डॉ मनीष नायक के बीच लड़ाई रोचक हो गई है। मीडिया प्रभारी के लिए डॉ इमरान अख्तर और डॉ वीरेंद्र गुप्ता के बीच मुकाबला है।