Gorakhpur News: भोर में ओस-कोहरा, फिर गर्मी-उमस...यूं ही उतार-चढ़ाव आएगा खुशनुमा मौसम
मौसम वैज्ञानिक शफीक सिद्दकी ने बताया कि अभी कुछ दिन तक मौसम शुष्क बना रहेगा। रात में ओस पड़ने की वजह से भोर में कोहरे का भी असर दिखेगा। इसके अलावा मंगलवार को बादल छाने व हल्की से मध्यम बारिश से औसत तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। इसी तरह धीरे-धीरे शरद ऋतु अपना असर दिखाने लगेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूं तो बदलाव मौसम की प्रवृत्ति है, लेकिन इतना तेज बदलाव देख लोग भी अचंभित हैं। बीते बुधवार को बारिश के बाद दिन का तापमान भी 30 डिग्री से नीचे आ गया था तो रविवार को दिन में उमस भरी गर्मी के चलते अधिकतम तापमान 33.9 सेल्सियस तक पहुंचा। जबकि भोर में ओस पड़ने व अलसुबह पिपराइच इलाके में कोहरे का भी असर दिखा। मौसम विभाग ने मंगलवार को बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान जताया है। इसी तरह उतार-चढ़ाव के बाद सर्दी शुरू हो जाएगी।
इस बार बरसात के दौरान लोगों को अधिक उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। बारिश के दिन कम होने और तेज गर्मी के चलते लोग अब तक परेशान हैं। मौसम में उतार चढ़ाव का दौर अभी जारी है। 29 सितंबर से लेकर पांच अक्तूबर तक बादल छाए रहने, बारिश व बूंदाबांदी के चलते गर्मी का असर काफी कम हो गया था।
एसी की जगह कूलर व पंखे भर से काम चल रहा था। लेकिन, शुक्रवार को फिर मौसम बदला और तेज धूप के चलते लोग गर्मी से परेशान हो गए। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस, तो न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में नमी बढ़ने और तेज धूप के चलते लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं।
रविवार को सुबह आद्रता 78 प्रतिशत व शाम 5.30 बजे 62 प्रतिशत दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान जताया जा रहा है। दिन में धूप के कारण गर्मी और उमस जैसी स्थिति रहेगी।