फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   Bullet fired in Holi hoodang split ends in mutual dispute broken hands

Gorakhpur News: होली के हुड़दंग में दागी गोली, आपसी विवाद में फोड़े सिरे, तोड़े हाथ

Fri, 10 Mar 2023 11:20 AM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर।
अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। Published by: vivek shukla Updated Fri, 10 Mar 2023 11:20 AM IST
सार

 खोराबार में बंद रेस्त्रां से मीट न देने पर उत्पातियों ने हंगामा कर तोड़फोड़ की तो वहीं तीन गांव में घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया। गोला और पिपराइच में होली के विवाद में युवक को चाकू मारा गया। पुलिस सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच में जुटी है।

विज्ञापन
Bullet fired in Holi hoodang split ends in mutual dispute broken hands
होली में हुड़दंग। - फोटो : pratapgarh

विस्तार

गोरखपुर जिले में होली के हुड़दंग में सड़कों पर पुलिस के पहरे का असर दिखा तो गांव और गलियों में बवाल हुआ। सहजनवां में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में बचाव में आए युवक को गोली मार दी गई। खोराबार में बंद रेस्त्रां से मीट न देने पर उत्पातियों ने हंगामा कर तोड़फोड़ की तो वहीं तीन गांव में घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया। गोला और पिपराइच में होली के विवाद में युवक को चाकू मारा गया। पुलिस सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच में जुटी है।

विज्ञापन


सहजनवां में पुरानी रंजिश में बवाल, युवक को गोली लगी
सहजनवां थाना क्षेत्र के रंदौली उर्फ मठिया के केशवाखोर टोले में शिव मंदिर के पास बुधवार को होली के दिन पुरानी रंजिश में बवाल हो गया। दोनों पक्ष से मारपीट के बीच ही किसी ने तमंचे से गोली दागी, जो एक युवक के कमर में लग गई। वहीं, दूसरे पक्ष के दो भाई और पिता को गंभीर चोट आई है।
विज्ञापन


पुलिस ने दोनों की तहरीर पर हत्या की कोशिश, मारपीट, धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तमंचा बरामद कर लिया। वहीं, गांव में एहतियातन फोर्स तैनात कर दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


गोली से घायल बौन्डरा गांव के रणविजय प्रजापति (21) को डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। रणविजय के पिता रामदरश ने तहरीर में लिखा है कि उनका बेटा सात मार्च की सुबह दिल्ली से आया था। आठ मार्च को होली के दिन घर से दोस्तों के साथ निकला था। एक दोस्त के गांव रंदौली उर्फ मठिया गए थे।

रास्ते में केशवाखोर गांव में दो पक्षों में मारपीट हो रही थी और बेटा बीच बचाव करने गया था। इस दौरान नरेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, शिव प्रताप मौर्या के ललकारने पर अमरजीत सिंह ने जान से मारने की नीयत से रणविजय को गोली मार दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

उधर, मुख्य आरोपी अमरजीत के भाई अर्जुन ने तहरीर में लिखा है कि रणविजय प्रजापति ने अपने साथियों संग मिलकर पुरानी रंजिश को लेकर नशे में मेरे दरवाजे पर चढ़ गए। अमरजीत को गाली देने लगा तो पिता बचाव में आ गए। आरोपियों ने भाई और पिता हनुमंत सिंह की पिटाई शुरू कर दी। बचाव में आने पर मुझे भी मारा पीटा।

पिटाई के बाद हम लोग भागने लगे तो आरोपियों में से एक ने असलहा निकालकर दौड़ा लिया। इस दौरान गोली दागी और उनके ही पक्ष के एक युवक को लग गई। पुलिस भोला उर्फ संतोष, मोनू, राजन, नित्यानंद त्रिपाठी, गोविंद यादव, रणविजय प्रजापति व अज्ञात पर हत्या की कोशिश व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया।

पुलिस अमरजीत सिंह, अर्जुन सिंह, नरेंद्र सिंह और दूसरे पक्ष से संतोष उर्फ भोला और राजन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

 

रंग लगाने के दौरान दी गाली, नहीं माना तो मार दिया चाकू

गोला थाना क्षेत्र के बेबरी गांव में होली के दिन रंग लगाने के दौरान हुए विवाद में युवक को चाकू मार दिया गया। गले पर चोट लगने पर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, बेबरी गांव निवासी शैलेश (30) अपने दोस्तों के साथ बुधवार को होली खेलने के लिए गांव में निकला था। इस दौरान उसके साथ के युवकों ने शराब पी लिया। चौराहे पर जबरन रंग लगाते हुए कुछ लोगों को गाली देने लगे।
आरोप है कि लोगों ने गाली देने से मना किया तो शैलेश उलझ गया। इसके बाद मारपीट हो गई और किसी ने शैलेश पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। गांव में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।

 

महिला का सिर फोड़ा, युवक पर हमला

सहजनवां इलाके में होली के दिन रंग लगाने के विवाद में महिला का सिर फोड़ने और बाइक से दरवाजे के सामने गुजरने पर युवक पर हमला का मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक, सहजनवां के कुसम्हा खुर्द में बुधवार को गुंजा देवी को जबरन कुछ लोग रंग लगाने आए थे। कई लोगों को देखकर गुंजा ने रंग खेलने से मना कर दिया।

आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपियों ने गुंजा की पिटाई शुरू कर दी। सिर पर धारदार हथियार से हमला करने की वजह से वह घायल हो गईं। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। एक अन्य खबर के मुताबिक, भिटिया गांव में बुधवार रात दरवाजे के सामने से बाइक पर चढ़कर गुजरने के विवाद में वीरेंद्र (22) को मनबढ़ों ने पीटकर घायल कर दिया। उसके ऊपर भी धारदार हथियार से हमला किया गया।

होली के बहाने छेड़खानी का आरोप, मारपीट भी की
पिपराइच इलाके के एक गांव में बुधवार को होली का रंग लगाने के बहाने किशोरी से छेड़खानी करने और विरोध में मारपीट करने का मामला सामने आया है। किशोरी के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ छेड़खानी, बलबा, मारपीट व धमकी की धारा में केस दर्ज किया है।

पुलिस को दी गई तहरीर में किशोरी के चाचा ने लिखा है कि 8 मार्च की दोपहर में उसकी भतीजी घर के बाहर किसी काम से निकली थी। इसी बीच गांव का ही राज निषाद उर्फ निरहू भतीजी के ऊपर जबरदस्ती रंग डालने लगा। आरोप है कि छेड़खानी भी करने लगा। किशोरी के शोर मचाने पर वह पहुंचे तो आरोपी भाग गए।

कुछ देर बाद आरोपी व उसका भाई अमरनाथ निषाद, जयनाथ, कोमल निषाद, उसके रिश्तेदार आकाश व प्रहलाद पीड़ित के घर आकर गाली देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। मना करने पर रॉड से हमला कर घर के तीन लोगों को घायल कर दिए।

 

खोराबार में चार गांवों में विवाद, मारपीट में कई घायल

खोराबार इलाके के चार गांवों में होली के दिन बवाल हो गया। कहीं पुरानी रंजिश तो कहीं रंग खेलने के विवाद में हुई घटना में लोग चोटिल हो गए। पुलिस अलग-अलग मामलों में केस दर्ज कर जांच में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, एक गांव में महिला ने प्रधान सहित आठ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट व छेड़खानी का केस दर्ज कराया। आरोप है कि होली के दिन करीब 3:20 बजे जब पति घर में नहीं थे, तब प्रधान जय सिंह, उनके भाई महेंद्र, गांव के धर्मेंद्र, रामबृक्ष, दिनेश, विवेक, विपिन व नीतीश घर में घुसकर मारपीट व छेड़खानी किए। पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी है।

वहीं, कुसम्ही में स्थित एक ढाबा में मारपीट का मामला सामने आया। आंबेडनगर निवासी व ढाबा के मैनेजर अनिल कुमार यादव ने तहरीर में लिखा है कि होली के दिन ढाबा बंद था। कुछ लोग ढाबा में आए और चिकन की मांग करने लगे। मना करने पर मारपीट और तोड़फोड़ किए।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर कुसम्ही निवासी गिरजेश सिंह, सौरभ पासवान, तुरवान, मानस सिंह, सूरज सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की कोशिश, मारपीट व धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।

डीजे बंद होने पर दंपती को पीटा, केस दर्ज
पिपराइच इलाके के अगया गांव में बुधवार को डीजे बंद होने पर दंपती को पीटने का मामला सामेन आया है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही। अगवा की सरिता देवी ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि होली पर युवक तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे। दोपहर में बिजली गुल हो गई।जनरेटर की व्यवस्था न करने का आरोप लगाते हुए अगया निवासी अंकू, सन्नी, दिलावर, अभिषेक ने पति को पीट दिया। बेटी निधि के साथ वह बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके ऊपर भी हमला किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed