मास्क पर पड़ जाते हैं लिपस्टिक के निशान तो आजमाएं ये तरीके
इस मौसम में मास्क लगाने से अंदर ही अंदर बहुत पसीना होता है जिससे कि सारी लिपस्टिक बिगड़ जाती है और लिपस्टिक के साथ ही ंंमहिलाओं का मूड बिगड़ जाता है क्योंकि बिगड़ी हुई लिपस्टिक को ठीक करना एक मुश्किल काम होता है।
विस्तार
जब से कोरोना आया है मास्क पहनना तो सभी के लिए बहुत जरूरी हो चुका है। ऐसे में महिलाएं जब लिपस्टिक लगाती हैं तो उन्हें बहुत परेशान होना पड़ता है क्योंकि लिपस्टिक कई बार मास्क पर लग जाती है और होंठ फिर बेहद अजीब दिखाई देने लगते हैं। अंदर ही अंदर पसीने से भी लिपस्टिक खूब फैलने लगती है। ऐसे में लिपस्टिक लगाने का कोई अर्थ नहीं रह जाता है। कुछ उपायों को आजमाकर आप इन सब समस्याओं से छुटकारा पा सकते हैं। आइए जानते हैं वे तरीके।
मैट लिपस्टिक लगाएं
बाजार में कई तरह की लिपस्टिक उपलब्ध हैं। ऐसे में आप कोशिश करें कि मैट लिपस्टिक का चयन करें। मैट लिपस्टिक लगाने के बाद ही कुछ देर में सूख जाती है और यह मास्क लगाने के बावजूद भी उस पर नहीं लगती है और लंबे समय तक होठों पर वैसी ही टिकी रहती है तो इसका उपयोग आपके लिए फायदेमंद साबित होगा।
लिप लाइनर का उपयोग
लिप लाइनर का उपयोग करना भी आपके लिए अच्छा सुझाव रहेगा। होठों के कोनों से इसे लगाना शुरू करें और फिर बीच में लगाएं। आप लिपस्टिक से मिलते हुए शेड का लिप लाइनर लगाएंगे तो यह आपके होठों पर तो अच्छा लगेगा ही साथ ही आपके लिप शेड को बहने से भी रोकेगा इसलिए इसका प्रयोग जरूर करें।
होठों पर पाउडर
होठों पर पाउडर लगाना आपके लिए तब एक अच्छा उपाय हो सकता है जब आपकी त्वचा खासकर के तैलीय हो। होठों पर पाउडर लगाकार आप होठों की अतिरिक्त नमी और लिपस्टिक के तेल को भी मिटा सकेंगे इसलिए थोड़ी मात्रा में इस लगाए और टिश्यू से ठीक करें। लिपस्टिक मास्क पर नहीं फैलेगी।