World Laughter Day 2025: ये कॉमेडी फिल्में हंसा-हंसाकर कर देंगी लोट-पोट, लाफ्टर डे पर लीजिए मजा
आज वर्ल्ड लाफ्टर डे है, मई के पहले रविवार को यह खास दिन हमेशा सेलिब्रेट किया जाता है। हंसना-मुस्कुराना हमारी सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है। आप भी अपनों के साथ खूब हंसना चाहते हैं तो कुछ शानदार कॉमेडी फिल्में देख सकते हैं।
विस्तार
बॉलीवुड में कमाल की कॉमेडी फिल्में बनी हैं, कई फिल्मों को तो कल्ट मूवीज का दर्जा मिला है। यह फिल्में अपनी कॉमेडी से हंसा-हंसाकर लोट-पोट करती हैं। इस लिस्ट में नई और पुरानी कई फिल्में शामिल हैं। जानिए, ऐसी ही कुछ कॉमेडी फिल्मों के बारे में।
हेरा-फेरी
साल 2000 में प्रियदर्शन निर्देशित फिल्म ‘हेरा फेरी’ आज भी दर्शकों को खूब पसंद है। इसमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की जोड़ी ने खूब धमाल मचाया। फिल्म के कई डायलॉग तो 25 साल भी मशहूर हैं, फनी मीम्स बनाने में भी इस फिल्म के सीन्स का खूब इस्तेमाल किया जाता है।
अंदाज अपना अपना
फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ जब रिलीज हुई तो बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली थी। टीवी पर यह फिल्म जब दर्शकों ने देखनी शुरू की तो इसे कल्ट काॅमेडी मूवीज में शामिल कर लिया गया। फिल्म को राजकुमार संतोषी ने निर्देशित किया था। इसमें आमिर खान और सलमान खान ने जमकर कॉमेडी की। इस फिल्म के कॉमेडी डायलॉग भी काफी फेमस हैं।
गोलमाल
गोलमाल सीरीज तो रोहित शेट्टी ने भी निर्देशित की है, जिसे दर्शकों ने पसंद किया है। हम यहां 1979 में रिलीज हुई ‘गोलमाल’ की बात कर रहे हैं। ऋषिकेश मुखर्जी निर्देशित इस फिल्म में अमोल पालेकर ने डबल रोल किया था। डबल रोल निभाने के चक्कर में ही खूब गड़बड़ होती है, जिसे देखकर दर्शक हंसते हैं।
जाने भी दो यारों
फिल्म ‘जाने भी दो यारों(1983)’ एक सटायर कॉमेडी फिल्म थी। यह फिल्म भी जब रिलीज हुई तो बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली लेकिन आगे चलकर दर्शकों को यह मूवी टीवी पर खूब पसंद आई। फिल्म को कुंदन शाह ने निर्देशित किया। फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, पकंज कपूर, नीना गुप्ता, ओम पुरी के अलावा एक बड़ी स्टार कास्ट थी।
चाची 420
साल 1997 में रिलीज हुई फिल्म ‘चाची 420’ की कॉमेडी भी दर्शकों को खूब पसंद आती है। इस फिल्म में कमल हासन ने ही लीड रोल किया, साथ इसका निर्देशन भी खुद किया था। फिल्म की कहानी में हीरो को किसी वजह से एक उम्रदराज महिला का गेटअप लेना पड़ता है। इस स्टोरी के साथ फिल्म में खूब कॉमेडी होती है। कमल हासन की यह फिल्म हॉलीवुड मूवी ‘डाउटफायर’ से इंस्पायर थी।
अंगूर (1982)
गीतकार गुलजार ने साल 1982 में एक फिल्म ‘अंगूर’ निर्देशित की थी। फिल्म में संजीव कपूर, देवेन वर्मा नजर आए। फिल्म में डबल रोल की वजह काफी कंफ्यूजन बन जाता है, इस कारण से खूब कॉमेडी भी होती है।
चश्मे-बद्दूर
फिल्म ‘चश्मे-बद्दूर(1981)’ एक रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म थी। इस फिल्म को साईं परांजपे ने निर्देशित किया। फिल्म में लीड रोल में दीप्ति नवल, फारुख शेख, राकेश बेदी, रवि बसवानी और लीला मिश्रा जैसे कलाकार थे। फिल्म की कहानी में एक ही लड़की से तीन दोस्तों को प्यार हो जाता है। इस कहानी पर अच्छे-खासे कॉमेडी सीन्स दर्शकों को देखने को मिलते हैं।
हाउसफुल सीरीज
साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूस ‘हाउसफुल’ सीरीज की कॉमेडी फिल्में भी दर्शकों को काफी पसंद आती है। इन फिल्मों को समय-समय पर अलग-अलग निर्देशकों ने निर्देशित किया है। फिल्म में बड़ी स्टार कास्ट होती है। जल्द ही फिल्म ‘हाउसफुल 5’ भी रिलीज होने है, इसमें अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, चंकी पांडे के अलावा एक बड़ी स्टार कास्ट नजर आने वाली है।