छठ पर टिप्पणी से बढ़ा विवाद: यश माहेश्वरी के खिलाफ महिला आयोग सख्त; LJP ने भी की FIR की मांग; क्या है मामला?
- Yash Maheshwari Controversy: स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी इन दिनों विवादों में घिर गए हैं।
- यश द्वारा छठ पूजा पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर विवाद बढ़ता जा रहा है।
- अब इस मामले में महिला आयोग और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी कड़ी आपत्ति जताई है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
मामले में महिला आयोग ने लिया संज्ञान, बिहार DGP को जांच के निर्देश
आयोग ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) को वीडियो की सच्चाई और उसके संदर्भ की जांच करने का निर्देश दिया है।
साथ ही कॉमेडियन की कथित टिप्पणियों की भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 79 और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत जांच करने को कहा है।
आरोपी पाए जाने पर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग
आयोग ने निर्देश दिया है कि इस मामले से जुड़े डिजिटल सबूतों को सुरक्षित रखा जाए। अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जरूरत पड़ने पर दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ भी तालमेल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने बिहार पुलिस से सात दिनों के भीतर इस मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट (ATR) भी मांगी है।
आयोग ने अपने बयान में कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाना या उनकी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी करना स्वीकार नहीं किया जा सकता। महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा सबसे जरूरी है। अगर कानून का उल्लंघन पाया जाता है, तो उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
National Commission for Women (@NCWIndia) posts on X, "राष्ट्रीय महिला आयोग ने 24 नवंबर 2026 को एबीपी लाइव द्वारा प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट एवं सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया है। रिपोर्ट के अनुसार, स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी द्वारा छठ पूजा करने वाली विवाहित महिलाओं तथा नाक से लंबा सिंदूर लगाने की पारंपरिक प्रथा को लेकर कथित तौर पर अश्लील एवं अपमानजनक टिप्पणियां की गई हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) को वीडियो की सत्यता एवं संदर्भ की जांच करने तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 79 और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कथित टिप्पणियों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा आरोपों की पुष्टि होने पर उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय करने के निर्देश भी दिए गए हैं। आयोग ने 7 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) मांगी है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना या उनकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं पर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां करना स्वीकार्य नहीं है। महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा सर्वोपरि है तथा कानून का उल्लंघन पाए जाने पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।"
— Press Trust of India (@PTI_News) November 25, 2026
एलजेपी की युवा इकाई के राष्ट्रीय अध्यक्ष और दिल्ली प्रभारी प्रणब कुमार ने रेखा गुप्ता को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि कॉमेडियन की टिप्पणी से छठ का व्रत रखने वाली महिलाओं के सम्मान और पूर्वांचली समुदाय की धार्मिक व सांस्कृतिक परंपराओं का अपमान हुआ है।
प्रणब कुमार ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा, 'हमारी माताएं और बहनें 36 घंटे तक बिना पानी पिए व्रत रखती हैं। वे पानी में खड़े होकर डूबते और उगते सूर्य की पूजा करती हैं। व्रत के दौरान वे नाक की नोक से लेकर माथे तक सिंदूर लगाती हैं। यह सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि सौभाग्य, परिवार की खुशहाली और तपस्या का पवित्र प्रतीक है।'
कॉमेडियन की माफी को बताया नाकाफी
प्रणब कुमार ने कॉमेडियन की टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि त्योहार खत्म होने के महज पांच दिन बाद राष्ट्रीय राजधानी में इस तरह की घटना होना बेहद दुखद है।
उन्होंने अपने पत्र में लिखा, 'यह बेहद दुख और नाराजगी की बात है कि छठ महापर्व खत्म होने के सिर्फ पांच दिन बाद, 21 नवंबर 2026 को स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने दिल्ली में आयोजित एक शो का वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया। इस परफॉर्मेंस के दौरान उन्होंने छठ का व्रत रखने वाली विवाहित महिलाओं के पारंपरिक सिंदूर को लेकर बेहद अश्लील और अपमानजनक टिप्पणियां कीं। यह सिर्फ मजाक करने की कोशिश नहीं थी, बल्कि दिल्ली के पूर्वांचली समुदाय की माताओं और बहनों के सम्मान, उनकी लोक आस्था और परंपराओं पर सीधा हमला था।'
लेटर में उन्होंने कहा कि सिर्फ माफी मांगना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने आगे कहा, 'हम अभिव्यक्ति की आजादी और हास्य की स्वतंत्रता का सम्मान करते हैं। लेकिन अभिव्यक्ति की आजादी को महिलाओं के सम्मान और धार्मिक आस्था का अपमान करने का लाइसेंस नहीं बनने दिया जा सकता।'
अपने पत्र में प्रणब कुमार ने मुख्यमंत्री से अपील की कि वह दिल्ली पुलिस को कॉमेडियन के खिलाफ कानून की उचित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने और जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दें।
उन्होंने उस जगह की भी जांच कराने की मांग की, जहां इस शो की रिकॉर्डिंग हुई थी। इसके अलावा कार्यक्रम के आयोजकों की भूमिका की जांच करने की अपील भी की।
एलजेपी नेता ने दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट से मूल वीडियो और सोशल मीडिया पर वायरल हुए उसके हिस्सों को सबूत के तौर पर सुरक्षित रखने की मांग की। साथ ही उन्होंने वीडियो को सोशल मीडिया पर आगे फैलने से रोकने के लिए कदम उठाने की भी अपील की।
जल्द कार्रवाई की मांग
उन्होंने दिल्ली महिला आयोग से भी इस मामले का संज्ञान लेने का अनुरोध किया। इसके अलावा ऐसे कार्यक्रमों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाले कंटेंट के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने के लिए एक व्यवस्था बनाने की मांग की, जिनमें कथित तौर पर धार्मिक त्योहारों, लोक परंपराओं और महिलाओं के सम्मान का मजाक उड़ाया जाता है।
पार्टी ने अपने पत्र में कहा कि वह हमेशा दिल्ली में पूर्वांचली समुदाय की संस्कृति, धार्मिक आस्था और सम्मान की रक्षा के लिए खड़ी रही है। साथ ही उम्मीद जताई कि दिल्ली सरकार इस मामले में जल्द कार्रवाई करेगी।
कैसे शुरु हुआ ये विवाद?
- यह विवाद तब शुरू हुआ, जब यश माहेश्वरी के स्टैंडअप शो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
- यह वीडियो 21 नवंबर को उनके यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था।
- वीडियो में उन्होंने बिहार में विवाहित महिलाओं के सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर कथित तौर पर विवादित टिप्पणी की थी।
- इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना होने लगी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठने लगी।
ये भी पढ़ें- यश माहेश्वरी: बिहारी महिलाओं की छठ पूजा पर मजाक करना पड़ा भारी, जानें कौन है यह कॉमेडियन?
