कौंन हैं बांग्लादेशी गायक जेम्स? जिनके कॉन्सर्ट में चले ईंट-पत्थर, बॉलीवुड में भी दिए हिट गाने
Who Is Singer James: बांग्लादेश में इन दिनों हालात काफी खराब हैं। अब उपद्रवियों ने गायक जेम्स के कॉन्सर्ट में भी हिंसा कर दी। जिसके चलते कॉन्सर्ट को ही रद्द करना पड़ा। जानिए कौन हैं जेम्स और बॉलीवुड से क्या है उनका कनेक्शन…
विस्तार
पड़ोसी देश बांग्लादेश में इस समय माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। हिंदुओं पर लगातार अत्याचार किया जा रहा है और उनकी हत्याएं की जा रही हैं। इसके अलावा भी उग्रवादी लगातार देश का माहौल खराब कर रहे हैं। अब बांग्लादेश के मशहूर सिंगर जेम्स के कॉन्सर्ट में भी उपद्रवियों ने घुसकर पत्थरबाजी की और जमकर हंगामा काटा। माहौल इतना बिगड़ गया कि कॉन्सर्ट को कैंसिल करना पड़ा। जानते हैं कौन हैं सिंगर जेम्स…
फारूक महफूज अनम जेम्स है पूरा नाम
जेम्स के नाम से मशहूर सिंगर का पूरा नाम फारूक महफूज अनम जेम्स है। 2 अक्तूबर 1964 को नौगांव में जन्मे जेम्स गायक के अलावा संगीतकार, गिटारिस्ट, सॉन्ग राइटर और कंपोजर भी हैं। जेम्स को 1990 के दशक में फीलिंग्स बैंड के फ्रंटमैन के तौर पर पहचान मिली। फीलिंग्स बांग्ला रॉक के तीन बड़े नामों में से एक था, जिन्होंने एलआरबी और आर्क के साथ मिलकर बांग्लादेश में हार्ड रॉक संगीत को लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फीलिंग्स को बांग्लादेश में साइकेडेलिक रॉक का जनक माना जाता है। इसके अलावा उन्होंने बांग्लादेश के कई सुपरहिट फिल्मों में हिट गाने गाए हैं। उन्हें दो बार बेस्ट सिंगर का बांग्लादेश नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी मिला है।
बॉलीवुड में भी दिए कई हिट सॉन्ग
बांग्लादेश के साथ-साथ जेम्स पश्चिम बंगाल में भी काफी पसंद किए जाते हैं। पश्चिम बंगाल में उनके शोज वगैरह भी होते रहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात बॉलीवुड के दिग्गज संगीतकार प्रीतम चक्रवर्ती से हुई। इसके बाद प्रीतम ने ही जेम्स को बॉलीवुड में ब्रेक दिया। उन्होंने साल 2006 में आई अनुराग बसु की फिल्म ‘गैंगस्टर’ में पहली बार गाना गाया। उन्होंने फिल्म के गीत ‘भीगी भीगी सी हैं रातें’ को अपनी आवाज दी। यह गाना सुपरहिट हुआ और काफी वक्त तक टॉप पर रहा। इसके बाद उन्होंने प्रीतम के संगीत में ही बनी फिल्म ‘वो लम्हे’ के गाने ‘चल चलें’ गाया। बाद में 2007 में आई हिट फिल्म ‘लाइफ इन अ मेट्रो’ में एक बार फिर प्रीतम ने जेम्स को मौका दिया। इस फिल्म में उन्होंने ‘अलविदा’ का रिप्राइज वर्जन और ‘रिश्ते’ गाना गाया। ‘अलविदा’ काफी पसंद किया गया और आज भी इस गाने की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। जेम्स ने बॉलीवुड में आखिरी गाना साल 2013 में आई फिल्म ‘वॉर्निंग’ में ‘बेबसी’ गाया था। बांग्लादेश में जेम्स आज भी काफी लोकप्रिय हैं।
Once again, a concert by Bangladesh’s leading band music artist James has been shut down.
— Sahidul Hasan Khokon (@SahidulKhokonbd) December 26, 2025
In Faridpur, just before the concert was set to begin, extremist groups stormed the stage and carried out an attack. Following intervention by law enforcement agencies, the organizers were… pic.twitter.com/NfmLRjL2OF
पत्थरबाजी के बाद रद्द हुआ कार्यक्रम
डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, गायक जेम्स का कॉन्सर्ट शुक्रवार को रात करीब 9 बजे फरीदपुर जिला स्कूल परिसर में स्कूल की 185वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित किया जाना था। आयोजन समिति के मुताबिक प्रवेश देने से मना किए जाने के बाद बाहरी लोगों के एक समूह ने कार्यक्रम स्थल में जबरन घुसने का प्रयास किया। इन लोगों ने रोके जाने पर कथित तौर से ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। भीड़ ने मंच पर कब्जा करने की कोशिश की। फरीदपुर जिला स्कूल के छात्रों ने हमले का विरोध किया, जिसकी वजह से हमलावरों को पीछे हटना पड़ा। रात करीब 10 बजे आयोजन समिति के संयोजक मुस्तफिजुर रहमान शमीम ने फरीदपुर के पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर संगीत कार्यक्रम रद्द करने का एलान किया।