Kyle Marisa Roth: सितारों की ‘खुफिया’ बातें बताने वाली टिकटॉक स्टार का निधन, मां ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मशहूर टिकटॉक स्टार काइल मारिसा रोथ का निधन हो गया है। 36 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। काइली की मां ने लिंक्डइन पर इस बात की जानकारी साझा की है। हालांकि, पोस्ट में उनकी मौत के कारण के बारे में नहीं बताया गया है।
विस्तार
रोथ की मां ने दी मौत की जानकारी
रोथ की मां जैकी कोहेन रोथ ने लिंक्डइन पर पोस्ट साझा करते हुए इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, "यह व्यक्तिगत जीवन की जानकारी साझा करने वाला मंच नहीं है, लेकिन इस मंच पर मेरे कई कनेक्शन वर्षों पुराने हैं। मेरी बेटी काइल का निधन हो गया है।" उन्होंने आगे कहा, “काइल प्यार करने और खुलकर जीने में विश्वास रखती थीं। अभी कुछ भी समझ में नहीं आ रहा है और अगले कुछ दिनों तक हमारे साथ ऐसा ही रहेगा। कृपया एक दूसरे के प्रति दयालु रहें।”
हालांकि, रोथ की मां ने मौत का कारण नहीं बताया। वहीं, रोथ की बहन लिंडसे रोथ ने भी उन्हें सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा, “मेरी बहन काइल मारिसा का पिछले सप्ताह निधन हो गया। हमारा परिवार अभी भी इस दुख से बाहर आने की कोशिश कर रहा है। हम लगातार इस प्रक्रिया में हैं कि उनके सम्मान में उनके जीवन का उचित जश्न कैसे मनाया जाए। हम अभी तक नहीं जानते कि क्या हुआ। मुझे पता है कि उन्होंने अपने हास्य, बुद्धिमत्ता, सुंदरता, गपशप से बहुत से लोगों को प्रभावित किया।"
जूलिया फॉक्स उन मशहूर हस्तियों में से एक हैं जिन्हें काइल के निधन से झटका लगा है। उन्होंने लिंडसे रोथ की पोस्ट का जवाब देते हुए कहा, “मैं काइल से कभी नहीं मिली, लेकिन मुझे वास्तव में ऐसा लग रहा है कि जैसे मैं उन्हें जानती थी। टिकटॉक पर यह खबर सामने आने के बाद से मैं बहुत दुखी हूं और रो रही हूं। वे सूरज की किरण जैसी थीं। वे बहुत याद आएंगी।"